भैरवनाथ मंदिर आध्यात्मिक चेतना का केन्द्र है
सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है
सरकार पर देवों और बहनों का आशीर्वाद है
कृषि विकास के कार्यों में सरकार पूरा सहयोग करेगी
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और आधुनिक विकास के समन्वय को एक नई दिशा दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जहाँ एक ओर आस्था के केंद्रों को भव्य स्वरूप दे रही है, वहीं दूसरी ओर लाड़ली बहनों की आर्थिक मजबूती और किसानों की समृद्धि के साथ इंडस्ट्रियल क्लस्टर के जरिए युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोल रही है।

भैरवनाथ मंदिर का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने रीवा के गुढ़ में भैरवनाथ मंदिर का विधिवत लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धा भाव से ओत-प्रोत होकर
कहा कि भैरवनाथ मंदिर एक अद्भुत और अलौकिक स्थान है, जिसका प्राकृतिक सौंदर्य अपने भीतर एक हजार साल पुराना गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। उन्होंने मंदिर में स्थापित दिव्य प्रतिमा की महत्ता बताते हुए कहा कि बाबा भैरवनाथ की यह भव्य प्रतिमा ऐसी प्रतीत होती है मानो वे अपने दोनों हाथ उठाकर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान कर रहे हों। यह न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि हमारी प्राचीन विरासत का जीवंत प्रमाण भी है।

सनातन संस्कृति का वैभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म की अद्भुत माया और इसकी वैश्विक व्यापकता है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। आज यह मंदिर हमारी आस्था और अलौकिक आनंद का केन्द्र है। प्राचीन मंदिरों को वर्षों तक आक्रमणकारियों ने नष्ट किया। आजादी के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रयासों से सोमनाथ के मंदिर का भव्य का पुनर्निर्माण हुआ। हमारी सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में ओरछा, मैहर, चित्रकूट सहित 13 भव्य लोकों का निर्माण किया जा रहा है। विन्ध्य की पावन धरा सदैव से सनातन धर्म का केन्द्र रही है। विन्ध्य की गोद में बसे चित्रकूट में भगवान राम ने वनवास के 11 वर्ष से अधिक का समय बिताया।

औद्योगिक विकास केन्द्र स्थापित
समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गुढ़ क्षेत्र के लिए भैरवनाथ और कष्ट हरनाथ मंदिर आस्था के केन्द्र हैं। गुढ़ में सोलर प्लांट स्थापना के बाद उसके सीएसआर मद से इन दोनों मंदिरों में विकास के कार्य किए गए हैं। गुढ़ में तीन सौ एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक विकास केन्द्र स्थापित किया गया है। रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव से विन्ध्य में तेजी से निवेश बढ़ा है। भैरवनाथ लोक के लोकार्पण के साथ-साथ मुख्यमंत्री जी संजय गांधी हास्पिटल में 322 करोड़ रुपए की लागत के विस्तारीकरण कार्य और 200 बेड कैंसर हास्पिटल का शिलान्यास भी करने जा रहे हैं। अब विन्ध्य के कैंसर रोगियों को उपचार के लिए बड़े महानगर नहीं जाना पड़ेगा।
विन्ध्य का पूरे देश में नाम हो रहा है
समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि भैरवनाथ लोक के निर्माण के साथ ही नए युग का सूत्रपात हो रहा है। सांसद ने मुख्यमंत्री जी से विन्ध्य की लंबित सिंचाई परियोजनाओं का कार्य तेजी से पूरा कराने का अनुरोध किया। समारोह में स्वागत उद्बोधन देते हुए विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के विकास के संबंध में विभिन्न मांगे रखीं। विधायक श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी और उप मुख्यमंत्री जी के विशेष प्रयासों से भैरवनाथ मंदिर का निर्माण हुआ है। समारोह में विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, केपी त्रिपाठी, श्रीमती पन्नाबाई प्रजापति, पंचूलाल प्रजापति तथा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।