लोकपथ ऐप से अब सड़क की शिकायत होगी आसान, 7 दिन में होगा समाधान - rashtrmat.com

लोकपथ ऐप से अब सड़क की शिकायत होगी आसान, 7 दिन में होगा समाधान

 राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आम नागरिकों की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग द्वारा विकसित लोकपथ मोबाइल ऐप को प्रदेशभर में प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इस एप के माध्यम से नागरिक अब खराब सड़कों, गड्ढों एवं सड़क संबंधी समस्याओं की फोटो खींचकर सीधे लोक निर्माण विभाग को शिकायत भेज सकते हैं।

मोबाइल पर सूचना भी दी जाती है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लॉन्च किए गए इस एप के तहत शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारी को जानकारी प्राप्त हो जाती है और निर्धारित समय-सीमा (आमतौर पर 7 दिनों के भीतर) सड़क मरम्मत का कार्य किया जाता है। मरम्मत पूर्ण होने पर शिकायतकर्ता को मोबाइल पर सूचना भी दी जाती है। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा लोकपथ 2.0 का भी शुभारंभ किया गया है, जिसमें पहले की तुलना में और अधिक उन्नत सुविधाएं जोड़ी गई हैं। लोकपथ 2.0 में ब्लैक स्पॉट अलर्ट, खतरनाक मोड़ों पर आॅडियो चेतावनी, सड़क किनारे सुविधाओं की जानकारी, आपातकालीन रडर सुविधा तथा तेज शिकायत निवारण प्रणाली जैसी सुविधाएं शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार यह ऐप पारदर्शिता, जवाबदेही एवं त्वरित कार्रवाई को बढ़ावा देगा। आम नागरिकों की सहभागिता से प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल मानी जा रही है।

सीधे संबंधित अधिकारी तक शिकायत
लोकपथ एप्प की प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें खराब सड़क या गड्ढे की फोटो अपलोड कर शिकायत की जा सकती है। इस एप्प से सीधे संबंधित अधिकारी तक शिकायत पहुंचती है।  शिकायत की स्थिति की आनलाइन ट्रैकिंग की जाती है तथा शिकायत का निर्धारित समय में मरम्मत एवं निराकरण किया जाता है। इसके अलावा लोकपथ 2.0 में ब्लैक स्पॉट अलर्ट व आडियो चेतावनी, सड़क सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ी अतिरिक्त जानकारियां भी इस एप्प से प्राप्त की जा सकती है। लोक निर्माण विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे लोकपथ ऐप का अधिक से अधिक उपयोग कर सड़क संबंधी समस्याओं की जानकारी दें, ताकि समय पर सुधार कर प्रदेश को सुरक्षित एवं सुगम सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *