आगरवाड़ा के जंगल में भालू का हमला: ग्रामीण घायल - rashtrmat.com

आगरवाड़ा के जंगल में भालू का हमला: ग्रामीण घायल

*तीन बार किया हमला, हाथ, पीठ और पैर में आई चोटें
 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। वन परिक्षेत्र बालाघाट के अंतर्गत ग्राम आगरवाड़ा के समीप जंगल में लकड़ी लेने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में ग्राम आगरवाड़ा निवासी छगनलाल पिता रेखलाल  ठाकरे 45 वर्ष घायल हो गए। जहां उनके हाथ, पीठ और पैर में चोटें आई हैं। परिजनों ने उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया जहां उनका उपचार जारी है। घटना शुक्रवार, 23 अक्टूबर की सुबह की है।

मदद के लिए आवाज लगाई
छगनलाल ठाकरे  ठाकरे खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। 23 अक्टूबर को सुबह करीब 6 बजे छगनलाल अपने गांव के ही सावन कुंजाम के साथ लकड़ी लेने के लिए जंगल गए थे। दोनों अलग-अलग स्थानों पर लकड़ी तलाश रहे थे। इसी दौरान अचानक एक भालू अपने दो शावकों के साथ छगनलाल के सामने आ गया और उस पर हमला कर दिया। भालू ने छगनलाल के हाथ को अपने जबड़े में पकड़ लिया। छगनलाल ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर भालू को भगाया, लेकिन भालू ने दोबारा हमला कर दिया। उन्होंने दूसरी बार भी भालू से बचने का प्रयास किया और उसे भगाने में सफल रहे। इसके बाद भालू ने तीसरी बार फिर हमला कर दिया। लगातार हुए हमलों में छगनलाल घायल हो गए। अपनी जान बचाने के लिए वे वहां से भागे और कुछ दूर पहुंचकर मदद के लिए आवाज लगाई।

साथी सावन कुंजाम मौके पर पहुंचे

छगनलाल की आवाज सुनकर उनके साथी सावन कुंजाम मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोन कर छगनलाल के परिजनों को घटना की जानकारी दी।  परिजन मोटरसाइकिल से जंगल पहुंचे और घायल छगनलाल को घर लेकर आए। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया, जहां भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी भी जिला अस्पताल पहुंचे। वन कर्मचारियों ने घायल छगनलाल को प्राथमिक सहायता के रूप में एक हजार रुपये प्रदान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *