नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों में ई-लाइब्रेरी बनाएं-कलेक्टर - rashtrmat.com

नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों में ई-लाइब्रेरी बनाएं-कलेक्टर

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्टर आदित्य सिंह 23 अक्टूबर की सुबह   नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर, कुल्पा, पालागोंदी और चालिसबोड़ी पहुंचे। उन्होंने इन गांवों में स्कूल, कन्या छात्रावास और निमार्णाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सबसे पहले ग्राम मोहनपुर पहुंचकर हायर सेकंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण तथा स्कूल की बाउंड्रीवॉल के निर्माण की तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।

ई-लाइब्रेरी स्थापित करने के निर्देश
कलेक्टर आदित्य सिंह ने भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के सभी गांवों में किसान चौपाल और ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनका निराकरण किया जा सके। उन्होंने नक्सल प्रभावित रहे सभी 100 गांवों में ई-लाइब्रेरी स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही गांवों में हैंडपंपों के पास सोखपीट बनाने तथा रात्रि में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर के इस भ्रमण के दौरान स्कूलों, छात्रावासों और निमार्णाधीन विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समस्याओं के निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने मोहनपुर स्थित कन्या छात्रावास का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने छात्रावास के सामने स्थित भूमि को समतल कर खेल मैदान तैयार करने, छात्राओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल पर कंटीले तारों की फेंसिंग कराने तथा छात्राओं को कोचिंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश
ग्राम मोहनपुर में कलेक्टर सिंह ने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मोहनपुर एवं लत्ता को जोड़ने वाले मार्ग का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। वहीं, मोहनपुर के वार्ड क्रमांक-2 में छह माह से खराब पड़े दो हैंडपंपों की शिकायत पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर हैंडपंपों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम कुल्पा में कलेक्टर ने प्रस्तावित 200 मीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट सड़क के निर्माण की तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। ग्राम पालागोंदी के बैगा मोहल्ले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क इकाई द्वारा बनाई जा रही 1200 मीटर लंबी सड़क एवं पुलिया का निरीक्षण किया। इसके अलावा ग्राम चालिसबोड़ी में निमार्णाधीन पुलिया का भी जायजा लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *