छात्राओं की कम उपस्थिति पर कमिश्नर नाराज,सुधार के दिए निर्देश - rashtrmat.com

छात्राओं की कम उपस्थिति पर कमिश्नर नाराज,सुधार के दिए निर्देश

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा  नगर परिषद बरगवां में आयोजित जन विश्वास शिविर में शामिल होने आए रीवा संभाग के कमिश्नर  शीलेन्द्र सिंह ने कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में संचालित कक्षाओं, स्मार्ट क्लास तथा छात्राओं के उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।

छात्राओं की पढ़ाई में बाधा न आए

कमिश्नर ने छात्रावास में सौर ऊर्जा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अक्षय ऊर्जा अधिकारी से समन्वय स्थापित कर सोलर पैनल लगवाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके साथ ही पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल निगम के साथ समन्वय स्थापित कर पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुधार लाने के निर्देश दिए

छात्राओं की कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपस्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।कमिश्नर ने कन्या शिक्षा परिसर में संचालित नीट एवं पीजी प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग कक्षाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कोचिंग कक्षाओं में छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं कोचिंग के माध्यम से बेहतर तैयारी कर आईआईटी एवं एम्स जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करें और अपने जिले का नाम रोशन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *