राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में सकल सामान्य वर्ग ने सोमवार को यूजीसी के नए नियम ‘हायर एजुकेशन रेगुलेशन 2026’ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वर्ग के सदस्यों ने शहर की सड़कों पर बाइक रैली निकालकर अपना विरोध जताया और राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस नियम को तुरंत वापस लेने की मांग की है।

उग्र आंदोलन किया जाएगा
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सकल सामान्य वर्ग के प्रतिनिधि संतोष शुक्ला ने यूजीसी के इस नए नियम को सामान्य वर्ग के लिए फांसी का फंदा’ बताया। उन्होंने कहा कि यह नियम शिक्षा के क्षेत्र में समानता के सिद्धांत के खिलाफ है और सामान्य वर्ग के छात्रों व शिक्षकों के हितों को नुकसान पहुंचाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस नियम को वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक रूप दिया जाएगा।

सामान्य वर्ग बना रहा दबाव
यह नया नियम उच्च शिक्षा संस्थानों में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के छात्रों को प्रताड़ना से बचाने और उन्हें सुरक्षा देने के लिए लाया गया है, जिसका इन वर्गों ने स्वागत भी किया है। हालांकि, इस मामले में नया मोड़ तब आया जब सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल इस पर रोक लगा दी।अब सबकी नजरें कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जिससे यह साफ होगा कि यह कानून लागू रहेगा या सरकार इसे वापस लेगी। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद सकल सामान्य वर्ग इस नियम के विरोध में लगातार दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है और आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कह रहा है।