CM हेल्पलाइन में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र हैं लंबित -प्रतिभा पाल - rashtrmat.com

CM हेल्पलाइन में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र हैं लंबित -प्रतिभा पाल

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान में लगातार शिविरों का आयोजन हो रहा है। शिविरों में आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों को प्रतिदिन ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराएं।सीएम हेल्पलाइन में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। सभी अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लेकर लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। इसमें सौ दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों तथा समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित आवेदनों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें।

कार्यक्रमों की कार्ययोजना बनाएं

सभी अधिकारी आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण भी करें। एसडीएम अभियान की लगातार मॉनीटरिंग करें। जो आवेदन पत्र विकासखण्ड स्तर पर निराकृत नहीं हो रहे हैं उन्हें संबंधित विभाग के जिला कार्यालय को प्रेषित करें। शासन के निर्देशों के अनुसार इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उप संचालक कृषि अन्य विभागों से समन्वय बनाकर वर्ष भर के कार्यक्रमों की कार्ययोजना बनाएं। कार्ययोजना के अनुसार कृषि विकास से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित कराएं।
अभियान के दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, खाद के संतुलित उपयोग, नरवाई प्रबंधन तथा खाद्य प्रसंस्करण
पर विशेष जोर दें।

राइजर पाइप बढ़ाकर हैण्डपंपों को सुधारें
कलेक्टर ने कहा कि  सीएम हेल्पलाइन में यदि आवेदन पत्र बिना किसी कार्यवाही के अगले लेबल पर जाएगा तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सहकारिता विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग लंबित आवेदनों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। गेंहू उपार्जन से जुड़े सभी आवेदनों का सात दिन में निराकरण करें। कार्यपालन यंत्री पीएचई राइजर पाइप बढ़ाकर हैण्डपंपों का
सुधार कराएं। बिगड़े हैण्डपंपों के सुधार के लिए सभी विकासखण्डों में टीम तैनात करें। लोक सेवा गारंटी योजना प्रकरणों में समय-सीमा में निराकरण न करने वाले अधिकारियों पर जुर्माने की कार्यवाही करें।

फार्मर रजिस्ट्री का कार्य संतोषजनक नहीं
कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम सीएम हेल्पलाइन तथा तथा लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की नियमित समीक्षा करें। नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के आवेदन पत्र तय समय सीमा से अधिक समय से लंबित रहने पर संबंधित पीठासीन अधिकारी के विरूद्ध जुर्माने की कार्यवाही करें। एसडीएम त्योंथर स्वामित्व योजना में आरओआर के लिए लंबित पाँच प्रकरणों का निराकरण कराएं। किसान सम्मान निधि के लिए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य संतोषजनक नहीं है। शेष बचे किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए लगातार अभियान चलाएं।

कार्यवाही तत्परता से करें

एसडीएम धरती आबा योजना के तहत वनाधिकार पत्र प्राप्त किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी कराएं। एसडीएम मतदाता
सूची के गहन पुनरीक्षण के संबंध में निर्वाचन आयोग के नवीन निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही तत्परता से करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं पर तत्परता से कार्यवाही करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गर्भवती महिलाओं तथा अन्य रोगियों की जाँच करके तथ्यपूर्ण जानकारी पोर्टल में दर्ज करने के लिए एएनएम तथा आशा कार्यकर्ता को विकासखण्ड स्तर पर प्रशिक्षण दें। तथ्यहीन जानकारी दर्ज करने वाले लापरवाह चिकित्साकर्मियों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *