राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं खनिजों के अवैध भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार की आधी रात से गुरुवार सुबह तक खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने जिले के कई स्थानों पर दबिश देकर अवैध खनिज परिवहन करते हुए तीन वाहनों को जब्त किया है। इनमें रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा मिट्टी का अवैध परिवहन कर रहा एक डम्पर शामिल है।
चुटिया में रेत का अवैध परिवहन
कार्रवाई के दौरान रात करीब 12:30 बजे भमोड़ी में रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे चुटिया में रेत का अवैध परिवहन करते एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। वहीं सुबह करीब 7 बजे वारासिवनी में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक डम्पर को पकड़ा गया। तीनों वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर कार्यालय की खनि शाखा बालाघाट, खैरलांजी थाना एवं वारासिवनी थाना की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है।