राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। शासकीय कार्यों में लापरवाही और समीक्षा बैठकों में दिए गए निदेर्शों का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध एसडीएम कटंगी विजय सिंह यादव ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राजस्व एवं पंचायत विभाग की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कुल आठ कर्मचारियों का तीन-तीन दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
लंबित कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश
एसडीएम विजय सिंह यादव द्वारा विगत दिनों राजस्व विभाग तथा पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विभागीय लक्ष्यों की सतत निगरानी करते हुए लंबित कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए थे। लगभग एक सप्ताह का समय बीतने के बाद भी कुछ पटवारियों द्वारा फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं फसल गिरदावरी सहित निर्धारित कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं की गई। इस पर एसडीएम ने तहसीलदार तिरोड़ी को पटवारी शिवांशु मिश्रा, गौरव तिवारी, प्रदीप शर्मा, प्रहलाद कुमरे एवं कमलेश भगत का माह सितंबर का तीन-तीन दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए हैं।
वेतन राजसात करने के निर्देश
पंचायत विभाग के एडीओ एवं पीसीओ की बैठक लेकर लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कुछ पंचायत सचिवों द्वारा लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं करने पर एसडीएम ने पंचायत सचिव अजीत बोरकर, खिलेंद्र भारती एवं विपिन हरिनखेड़े के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन-तीन दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ कटंगी को दिए हैं।