कोविड सेंटर से लाखों का सामान चुराया:चोर और कबाड़ी गिरफ्तार - rashtrmat.com

कोविड सेंटर से लाखों का सामान चुराया:चोर और कबाड़ी गिरफ्तार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ी स्थित स्वास्थ्य विभाग के पुराने कोविड सेंटर से लाखों रुपए का सामान चोरी करने वाले बदमाश और माल खरीदने वाले कबाड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सभी 28 ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एसी और एलईडी टीवी बरामद कर ली है।

कबाड़ के दाम में बेचा सरकारी सामान

चोरी की यह वारदात 24 जून की रात को हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही समीर पिता शकील अली (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। समीर ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने चोरी का सारा सामान मरारी मोहल्ला निवासी दामोदरप्रसाद ठाकरे (54) को महज 14 हजार रुपए में बेच दिया था।सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि बरामद किए गए एक ऑक्सीजन सिलेंडर की ही सरकारी कीमत करीब 6,500 रुपए है।

बाइक से परिवहन की थ्योरी पर संदेह

स्टोर रूम के सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण पुलिस ने आसपास के कैमरों की मदद से आरोपी को दबोचा। आरोपी ने पूछताछ में बताया किउसने बाइक से पूरा सामान ढोया था, हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में सामान बाइक से ले जाने की बात से पुलिस संतुष्ट नहीं है। मामले में किसी अन्य सहयोगी और बड़े वाहन के इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सभी 28 बी.टाइप छोटे सिलेंडर, एक एसी और एक एलईडी टीवी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। सीएसपी मंयक तिवारी ने बताया कि चोरों नें एक ही रात में धीरे धीरे बाईक से पूरे सामान की चोरी की थी। आक्सीजन गैस सिलेंण्डर को कबाड़ीवाले दामोदर पाठक को 14 हजार में बेच दिया गया था।