माईक्रो ऐरिगेशन पंप हाउस में भीषण आग,पाइप-मशीनरी जलकर खाक - rashtrmat.com

माईक्रो ऐरिगेशन पंप हाउस में भीषण आग,पाइप-मशीनरी जलकर खाक

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जल संसाधन विभाग की महत्वाकांक्षी माइक्रो सिंचाई लिफ्ट परियोजना के तहत ग्राम राघोटोला स्थित पंप हाउस प्लांट में भीषण आगजनी ने 146 करोड़ की परियोजना पर पानी फेर दिया है।  आग लगने से प्लांट में रखे प्लास्टिक पाइप, मशीनरी और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। धुएं का गुबार इतना तेज था कि करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही बालाघाट और आसपास के इलाकों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक प्लांट में भारी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये में बताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।यह माइक्रो एरिगेशन परियोजना किसानों के खेतों तक पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपए की लागत से चल रही थी। प्लांट में इसी से जुड़ी सामग्री और मशीनरी रखी गई थी।

92 प्रतिशत कार्य भी पूर्ण हो चुका था

बता दे वर्ष 2022-23 में क्षेत्र के लगभग 55 गांवो के किसानों के खेतो तक पानी पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 146 करोड़ की यह माइक्रो एरिगेशन परियोजना स्वीकृत हुई थी। जिसका लगभग 92 प्रतिशत कार्य भी पूर्ण हो चुका था और सिर्फ 08 प्रतिशत ही काम शेष था, जिसके बाद किसानो के खेतो तक पानी पहुंचाया जाता और बारिश के बाद इसका ट्रायल भी होना था। लेकिन इस आगजनी की घटना ने किसानो के सपनो को भी जलाकर राख कर दिया है।

पुलिस जांच में जुटी

लामता थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस घटना को लेकर कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले कुछ लोगों द्वारा प्लांट में पहुंचकर कथित रूप से राशि की मांग की गई थी। इनकार किए जाने पर विवाद और मारपीट की बात भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इन सभी बातों की पुष्टि नहीं की है।घटना के बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

भाजपा समर्थित कुछ लोगो का हाथ

घटना की सूचना पर आज क्षेत्र के कांग्रेस विधायक मधु भगत ने भी मौके पर पहुंचकर पंप हाउस का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नुकसान का जायजा लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। वही सूत्र बताते है कि इस घटना के पीछे भाजपा समर्थित कुछ लोगो का हाथ है, जिन्होंने पम्प हाउस में मौजूद गार्ड व अन्य कार्मचारियों के साथ मारपीट भी की थी।