राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम बनेरा में सामने आई है। यहां 11 नवंबर की शाम एक नवजात बालक ताराचंद लांजेवार की बाड़ी में तुअर (अरहर) के पेड़ के नीचे लावारिस हालत में मिला। शाम के समय गांव की एक महिला को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में आगे बढ़ते हुए जब वह मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर सहम गई। तुअर के पेड़ के नीचे एक नवजात बालक बिना कपड़ों के पड़ा हुआ था। उसके पैरों में घास से कटने के निशान दिखाई दे रहे थे और वह लगातार रो रहा था।
लोगों को घटना की जानकारी दी
बताया जा रहा है कि बालक को जन्म हुए महज कुछ घंटे ही हुए होंगे। मासूम को इस हालत में देखकर महिला का दिल पसीज गया। उसने बिना देर किए नवजात को अपनी गोद में उठाया और घर लेकर पहुंची। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी । सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नवजात को अपने संरक्षण में लेकर कटंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फिलहाल बालक स्वस्थ है।इधर, पुलिस नवजात को जन्म देने वाले माता-पिता की तलाश में जुट गई है।