65 गांवों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी आरबीएसके की 13 टीमें - rashtrmat.com

65 गांवों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी आरबीएसके की 13 टीमें

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के बैहर, बिरसा एवं परसवाड़ा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित 65 गांवों में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और समय पर बीमारी की पहचान के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सघन स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 13 विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें 12 से 17 नवंबर तक गांव-गांव पहुंचकर घर-घर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी। अभियान के दौरान प्रत्येक गांव का अलग चाइल्ड हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिसमें बच्चों में पाई जाने वाली बीमारियों और उन्हें उपलब्ध कराए गए उपचार का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा।

संयुक्त टीमों का गठन किया

कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने 11 नवंबर को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की जिला स्तरीय टीम के साथ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, उमंग परामर्शदाताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के समस्त काउंसलरों को शामिल करते हुए संयुक्त टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम में 6 से 7 चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 13 सेक्टर बनाए गए हैं और प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला स्तर पर जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक आरबीएसके श्री राजाराम चक्रवर्ती को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।

लीवर संबंधी रोगों की भी जांच

 अभियान के दौरान बच्चों की सिकल सेल स्क्रीनिंग, खून की जांच, एचआईवी, बीपी, शुगर, हेपेटाइटिस, मलेरिया, विडाल टेस्ट, कुष्ठ एवं टीबी की जांच की जाएगी। इसके साथ ही 4डी स्क्रीनिंग के माध्यम से जन्मजात विकृतियों, विकास में देरी, कमियों एवं बचपन की बीमारियों की पहचान की जाएगी। गंभीर बीमारियों में हृदय रोग, कैंसर, किडनी एवं लीवर संबंधी रोगों की भी जांच की जाएगी।

उपचार के लिए रेफर किया जाएगा

 स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में घर-घर पहुंचकर बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करेंगी। जांच में किसी भी प्रकार की बीमारी सामने आने पर संबंधित बच्चे को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के साथ जरूरत के अनुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए रेफर किया जाएगा। यह सघन अभियान 12 नवंबर से प्रारंभ होकर 17 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद 18 नवंबर को कलेक्टर श्री आदित्य सिंह अभियान की समीक्षा करेंगे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *