राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरवा वार्ड क्रमांक-1 में गोविंद सिंह बरघाई नामक व्यक्ति पर जयप्रकाश मिश्रा के सिर पर फरसा-टांगी से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। हमले में जयप्रकाश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जयप्रकाश पर टांगी से हमला
घायल जयप्रकाश मिश्रा के मुताबिक, घटना 9 तारीख की शाम करीब 7 बजे की है। उनके पड़ोस में कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान गोविंद सिंह कथित तौर पर जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहा था। जयप्रकाश मिश्रा ने जब उसे गाली देने से मना किया तो वह मौके से चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद मौका पाकर गोविंद सिंह ने फरसा-टांगी से जयप्रकाश मिश्रा के सिर पर जोरदार हमला कर दिया।

सिर और हाथ में गंभीर चोटें
इस हमले में जयप्रकाश मिश्रा के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि उनका एक हाथ भी फ्रैक्चर हो गया है। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची थी।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई
घायल का आरोप है कि घटना के बाद से अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित पक्ष में नाराजगी है। घायल ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।अब सवाल यह उठता है कि आखिर फरसा-टांगी से हमला करने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी कब होगी और पीड़ित को कब न्याय मिलेगा? हालांकि, मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और आरोपी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।