केंद्रीय बजट : आर्थिक गति, और आत्मनिर्भर भारत को नई उड़ान:गागड़ा - rashtrmat.com

केंद्रीय बजट : आर्थिक गति, और आत्मनिर्भर भारत को नई उड़ान:गागड़ा

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 को देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने वाला, व्यापक रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करने वाला बजट बताते हुए पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने इसकी जमकर सराहना की है।
एक दूरदर्शी दस्तावेज
आज भाजपा अटल सदन कार्यालय, बीजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए  गागड़ा ने कहा कि यह बजट विकास, समावेशन और कर्तव्य भावना के मूल मंत्र के साथ तैयार किया गया है, जो भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।उन्होंने कहा कि यह बजट आम नागरिक, किसान, युवा, महिलाएं और उद्योग जगत सभी वर्गों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया एक दूरदर्शी दस्तावेज है।
उद्योग और रोजगार पर विशेष फोकस
महेश  गागड़ा ने बताया कि बजट में विनिर्माण क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए बायोफार्मा शक्ति, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, कैपिटल गुड्स को बढ़ावा देने की योजनाएं, रेयर अर्थ और केमिकल पार्क की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे देश की औद्योगिक क्षमता और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।कपड़ा क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए 5-सूत्रीय कार्यक्रम, टेक्सटाइल क्लस्टर विकास और टेक्स-इको पहल से लाखों युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे। वहीं MSME क्षेत्र के लिए 10,000 करोड़ रुपये का SME ग्रोथ फंड और नए क्रेडिट उपाय छोटे उद्योगों के लिए संजीवनी साबित होंगे।
इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा और शहरी विकास
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति देगा। ऊर्जा क्षेत्र में कार्बन कैप्चर तकनीक और शहरी विकास के लिए सिटी इकोनॉमिक रीजन की अवधारणा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और महिला सशक्तिकरण
स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नए आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र, क्षेत्रीय मेडिकल हब, डिजिटल शिक्षा, और खेलो इंडिया जैसी योजनाएं आम नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाएंगी।कृषि क्षेत्र में नारियल, चंदन, कोको और काजू जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा, किसानों के लिए एग्रीस्टैक, आईसीएआर पैकेज से जुड़ा एआई टूल ‘भारत-विस्तार’, मत्स्य पालन मूल्य श्रृंखला को सशक्त बनाने जैसे कदम उठाए गए हैं।
दिव्यांग सहारा योजना
महिला सशक्तिकरण की दिशा में हर जिले में महिला छात्रावास, ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए ‘शी-मार्ट’, दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांगजन कौशल योजना और दिव्यांग सहारा योजना जैसी योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। तेंदूपत्ता संग्रहण जैसे वनोपज आधारित आजीविका पर भी फोकस किया गया है।इस अवसर पर भाजपा महामंत्री संजय लुक्कड़, फूलचंद गागड़ा, कोषाध्यक्ष सोनल गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष माया झाड़ी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *