रीवा को मिला देश के सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर का प्रथम पुरस्कार - rashtrmat.com

रीवा को मिला देश के सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर का प्रथम पुरस्कार

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। स्वच्छता के क्षेत्र में रीवा शहर ने एक नया और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण के भव्य पुरस्कार समारोह में रीवा को स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर की श्रेणी में देश भर में प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया।

वाराणसी को तीसरा स्थान
इस गौरवशाली उपलब्धि ने रीवा का नाम देश भर में रोशन कर दिया है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर को दूसरा तथा उत्तर प्रदेश के वाराणसी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। समारोह में राष्ट्रपति से नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, नगर निगम के पूर्व कमिश्नर सौरव सोनवणे, वर्तमान कमिश्नर अक्षत जैन तथा उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी ने पुरस्कार प्राप्त किया।

शहर की सूरत बदलने में महत्वपूर्ण

रीवा शहर की बीहर नदी के किनारे विकसित 1.6 किलोमीटर लम्बाई के रिवर फ्रंट के कायाकल्प,सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए किए गए लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि आज रीवा ने यह मुकाम हासिल किया है। नगर निगम और प्रशासन द्वारा नदियों में सीधे गिरने वाले नालों को रोकने, नदी तटों पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाने और हरित क्षेत्रों (ग्रीन बेल्ट) के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। रिवर फ्रंट के जीर्णोद्धार और वहां के जन-सुविधाजनक वातावरण ने शहर की सूरत बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उपलब्धि को लेकर भारी उत्साह

इस राष्ट्रीय सम्मान पर खुशी जताते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय रीवा के नागरिकों की सक्रिय भागीदारी,स्वच्छता मित्रों की लगन और जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन को दिया है। स्थानीय निवासियों में इस उपलब्धि को लेकर भारी उत्साह है। यह पुरस्कार रीवा को भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, नदियों के संवर्धन और स्वच्छता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *