कटेककल्याण के सामुदायिक अस्पताल को चाहिए इलाज,मरीज अव्यवस्था से बेहाल - rashtrmat.com

कटेककल्याण के सामुदायिक अस्पताल को चाहिए इलाज,मरीज अव्यवस्था से बेहाल

राष्ट्रमत न्यूज,दंतेवाड़ा/कटेककल्याण(ब्यूरो)। दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण ब्लाक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों खुद बीमार है। इसे भी इलाज चाहिए। यहां मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलने से परेशान है। जांच किट का हमेशा अभाव रहता है। अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित रहते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को अपने अच्छे दिन का इंतजार है। फाइलों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों को हर सुविधाएं मिल रही है,कलेक्टर जांच करें या फिर CHMO   तो सच्चाई सबके सामने आए। लेकिन ऐसा नहीं होने से मरीजों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।

जरूरी किट उपलब्ध नहीं
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार अस्पताल में कभी आवश्यक दवाइयों का अभाव रहता है, तो कभी विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए जरूरी किट उपलब्ध नहीं रहती। वर्तमान स्थिति में भी अस्पताल में कई समस्याएं बनी हुई हैं। मरीजों को एक्स-रे कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि एक्स-रे करने वाले कर्मचारी दीपावली की छुट्टी के बाद से अब तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे हैं। वहीं टाइफाइड की जांच के लिए इस्तेमाल होने वाली विडाल (Widal) टेस्ट किट भी उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है।
 अस्पताल में सुविधाओं का अभाव
मौसम में बदलाव के साथ क्षेत्र में बुखार, उल्टी-दस्त सहित अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल में बच्चे, महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन आवश्यक जांच और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।अस्पताल परिसर में मरीजों की भीड़ देखी जा सकती है। कुछ बच्चे बिस्तरों पर लेटे हुए हैं, जबकि महिला, पुरुष और बुजुर्ग मरीज कुर्सियों पर बैठकर अपनी बारी और इलाज का इंतजार कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में सबसे अधिक परेशानी दूर-दराज और अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उठानी पड़ रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था ठीक नहीं
इस मामले में जब जिम्मेदार अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की बात सामने आई। कटेकल्याण बीएमओ डॉक्टर से दूरभाष पर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में छुट्टी पर हैं और उन्हें अस्पताल की मौजूदा स्थिति की जानकारी नहीं है।ऐसे में सवाल उठता है कि जब ब्लॉक मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था ही ठीक नहीं है, तो अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को किस तरह की सुविधाएं मिल रही होंगी?
कई कर्मचारी रहते हैं अनुपस्थित
बताया जा रहा है कि अस्पताल में कुछ डॉक्टर एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन कुछ कर्मचारियों की अनुपस्थिति और आवश्यक जांच सुविधाओं की कमी के कारण पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर जांच और समुचित उपचार मिलना बेहद जरूरी है। इसके बावजूद ऐसी स्थिति सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।
जनहित में उठ रहे हैं ये सवाल
1. दीपावली की छुट्टी के बाद से एक्स-रे कर्मचारी ड्यूटी पर क्यों नहीं लौटे?
2. अस्पताल में विडाल टेस्ट किट उपलब्ध क्यों नहीं है?
3. मरीजों को आवश्यक दवाइयां और जांच सुविधाएं समय पर क्यों नहीं मिल रही हैं?
4. ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई कब होगी?
5. अस्पताल की नियमित निगरानी और व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी किस अधिकारी की है?
स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है
कटेकल्याण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्लॉक मुख्यालय का प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है। यहां आसपास के अनेक गांवों के लोग उपचार के लिए निर्भर रहते हैं। ऐसे में अस्पताल में डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, आवश्यक दवाइयों, जांच किट और एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।जनहित का सवाल यह है कि आखिर ग्रामीण जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कब मिलेंगी? क्या मरीजों को इसी तरह इलाज और जांच के लिए भटकना पड़ेगा?
आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए
अब जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले का संज्ञान लेकर अस्पताल का औचक निरीक्षण करना चाहिए तथा अनुपस्थित कर्मचारियों, जांच सुविधाओं और दवाइयों की उपलब्धता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।मरीजों को इलाज के लिए भटकना नहीं, बल्कि अस्पताल में समय पर और उचित उपचार मिलना चाहिए। यही जनता का अधिकार और स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *