रीवा में फायरिंग करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार,पिस्टल और कारतूस बरामद - rashtrmat.com

रीवा में फायरिंग करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार,पिस्टल और कारतूस बरामद

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा में अवैध हथियारों से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। समान थाना क्षेत्र अंतर्गत रतहरा नहर के पास पार्टी के दौरान एक युवक ने अवैध पिस्टल से पहले हवा में फायर किया और फिर अपने ही साथी की तरफ गोली चला दी। गोली युवक के बाएं पैर में जा लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में समान थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है।
हवा में एक राउंड फायर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 की रात कृष्णम सिंह अपने चार साथियों के साथ कार से रतहरा नहर के पास पार्टी करने गया था। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे प्रह्लाद सिंह उर्फ मोनू ने अपने साथी सौरभ शुक्ला की अवैध पिस्टल लेकर पहले हवा में एक राउंड फायर किया। इसके बाद दूसरा फायर कृष्णम सिंह की तरफ कर दिया, जो उसके बाएं पैर में जा लगा।
मामला दर्ज कर जांच शुरू
घायल कृष्णम सिंह को तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के बयान के आधार पर समान थाना पुलिस ने आदर्श बघेल, मोनू उर्फ प्रह्लाद सिंह, सौरभ शुक्ला और उत्कर्ष सिंह गहरवार के खिलाफ अपराध क्रमांक 473/26 के तहत बीएनएस की धारा 110, 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) और 27(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
स्कॉर्पियो वाहन जब्त
मामले में कार्रवाई करते हुए समान थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।
अवैध पिस्टल से की गई फायरिंग
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी एवं नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के निर्देशन में थाना प्रभारी समान निरीक्षक आशीष मिश्रा और उनकी टीम द्वारा की गई।फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। पार्टी के दौरान अवैध पिस्टल से की गई फायरिंग की इस घटना ने एक बार फिर शहर में अवैध हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *