
बालासाहेब देवरस स्मृति भवन लोकार्पण के लिए तैयार।
विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे
डॉ. भागवत मंगलवार को पहुंचेंगे। शुभारंभ सुरभी गौशाला में गौपूजन से शुरू होगा। इसके बाद दत्तात्रेय मंदिर में पूजा होगी, फिर स्मृति न्यास और नेत्रालय का शुभारंभ होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मोहन भागवत का कारंजा में दोपहर करीब 12 बजे आगमन प्रस्तावित है। इसके बाद वे श्रीदत्त मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन करेंगे। इसके साथ ही स्मृति भवन व बालासाहेब देवरस नेत्रालय के लोकार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

3 बजे भागवत मुख्य मंच पर पहुंचेंगे
कार्यक्रम में बालासाहेब देवरस एवं भाऊराव देवरस से जुड़ी स्मृति गतिविधियों के साथ संघ के इतिहास तथा कारंजा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। दोपहर करीब 3 बजे मोहन भागवत मुख्य मंच पर पहुंचेंगे, जहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम लगभग 4:30 बजे तक चलने की संभावना है।
मोहन भागवत के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। कार्यक्रम स्थल, आगमन मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर स्वयंसेवकों में उत्साह है।
