करंट लगाकर किया नर तेंदुए का शिकार, चार पंजे और खाल बरामद - rashtrmat.com

करंट लगाकर किया नर तेंदुए का शिकार, चार पंजे और खाल बरामद

*जंगल में नहीं हो रही वन विभाग की गश्त, खड़े हो रहे सवाल
 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के जंगलों में वन्यजीव अब सुरक्षित नहीं हैं। शिकारी बेखौफ होकर वन्यजीवों का शिकार करने में लगे है और वन विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। ऐसा ही एक   मामला मप्र राज्य वन विकास निगम लिमिटेड लामता परियोजना मंडल बालाघाट के परियोजना परिक्षेत्र उकवा का है, आरोपितों ने एक छह वर्षीय नर तेंदुए को बिजली का करंट लगाकर बेरहमी से मार डाला। शिकार के बाद शव से चारों पंजे और पूरी खाल निकाल डाली। खाल को समीप ही गड्ढे के पानी में डूबोकर रखा गया। यह खौफनाक वारदात 22 अक्टूबर को नारंगी-खांडापार के बीच बीट हिर्री के कक्ष क्रमांक 1815 की घने जंगल में हुई। मौके पर तेंदुए के साथ एक सियार का शव भी पड़ा मिला, जो करंट की चपेट में आया था।

तेंदुए के चारों पंजे निकाल लिए
परियोजना परिक्षेत्र उकवा के अंतर्गत बीट हिर्री के कक्ष क्रमांक 1815 में नर तेंदुआ व सियार का शव 22 अक्टूबर को देखा गया। दोनों मृत पड़े शव चार से पांच दिन पुराने बताए गए है। पकड़े गए छह आरोपितों ने शिकार करने के बाद तेंदुए के चारों पंजे निकाल लिए थे और खाल उतार ली थीं। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि इन आरोपितों ने पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दिया होगा। इसमें हैरान करने वाली यह बात है कि जंगल के अंदर तीन-चार दिन से तेंदुए व सियार की मौत होती है, पर वहां के रेंजर अजय कामड़े और उनके बीटगार्ड अमर पंद्रे को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं रहती।

तो यह शिकार रुक सकता था

रेंजर का बीटगार्ड पर कोई दबाव नहीं है और बीटगार्ड भी जंगल में गश्त करने की बजाय इधर उधर घूमते रहते है। ग्रामीण बताते है कि रेंजर अजय कामड़े कभी जंगल में नजर नहीं आते, सिर्फ कागजों में गश्त चल रही है। यदि रात में करंट की निगरानी होती, तो यह शिकार रुक सकता था। वन विभाग ने 24 अक्टूबर को आरोपितगण रतन पिता सहजू मेरावी 48 वर्ष, अनिल उर्फ नैलाल पिता रमेश पंद्रे 35 वर्ष, शिवप्रसाद उर्फ पिंकू पिता सोनसिंग उइके 24 वर्ष, धीरसिंग पिता श्रीराम मरकाम 33 वर्ष, सुनील पिता दौलत उइके व हीरासिंग उर्फ बूल्ट मरकाम सभी ग्राम नारंगी निवासी को हिरासत में लिया है। जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया। जिनके कब्जे से खाल, पंजे और करंट लगाने वाले तार जब्त किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *