कान्हा के सिजौरा बफर जोन में फंदे में फंसा मिला तेंदुआ - rashtrmat.com

कान्हा के सिजौरा बफर जोन में फंदे में फंसा मिला तेंदुआ

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कान्हा टाइगर रिजर्व के सिझौरा बफर जोन में आपरेशन वाइल्ड ट्रैप के तहत चल रही नियमित गश्त के दौरान जंगल की सीमा के पास एक तेंदुआ लगाए गए फंदे में फंसा हुआ पाया गया। यह फंदा शिकारियों द्वारा वनप्राणियों के शिकार के उद्देश्य से लगाया गया था। गश्ती दल की सतर्कता से समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। जिसके बाद अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अमले और वन्यजीव पशु चिकित्सक की मौजूदगी में एक त्वरित और समन्वित बचाव अभियान चलाया गया। तेंदुए को सुरक्षित रूप से बेहोश कर उसे फंदे से मुक्त कराया गया और मौके पर ही उसकी मेडिकल जांच की गई। आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया।
तेंदुए को गंभीर चोट नहीं
चिकित्सकीय परीक्षण में तेंदुए को कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई। जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर शिकारियों द्वारा वनप्राणियों के लिए उत्पन्न खतरे को उजागर किया है। विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। शिकारियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सतर्क गश्तए कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगीए ताकि शिकार जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *