शादीशुदा जिंदगी भी गजब का विश्वविद्यालय है, जहां पति बिना परीक्षा दिए रोज नए सबक सीखता है और पत्नी बिना डिग्री के उसकी सबसे बड़ी परीक्षक बनी रहती है। पत्नी के पांच ऐसे महावाक्य हैं, जिनसे शायद ही कोई पति बच पाया हो। इन्हीं तानों, शिकायतों और मीठी नोकझोंक में छिपे दाम्पत्य जीवन के हास्य को महेन्द्र तिवारी ने अपने इस मजेदार व्यंग्य में बेहद रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया है। पढ़िए और मुस्कुराइए!
पत्नी पुराण के पाँच अमर श्लोक\ व्यंग्य
भारत में दो चीज़ें बिना किसी औपचारिक डिग्री के बड़ी आसानी से मिल जाती हैं-एक मुफ्त की सलाह, और दूसरा शादीशुदा दोस्तों के बीच फोन पर चलने वाला ‘दाम्पत्य ज्ञान’। हर गली-मोहल्ले में आपको कोई न कोई रमेश मिल ही जाएगा, जो खुद भले ही अपनी पत्नी की एक तिरछी नज़र से सहम जाता हो, लेकिन फोन पर अपने दोस्त अमरेश को ऐसे समझाता है मानो वह ‘अखिल भारतीय पति उत्थान संघ’ का राष्ट्रीय अध्यक्ष हो।

इन स्वघोषित दार्शनिकों के अनुसार, शादीशुदा ज़िन्दगी की सबसे बड़ी चुनौती महंगाई या बेरोज़गारी नहीं है, बल्कि पत्नी के वो ‘पाँच महावाक्य’ हैं, जिन्हें हर पति को अपने जीवनकाल में कम से कम दस हज़ार बार सुनना पड़ता है। ये पाँच वाक्य किसी साधारण झगड़े की उपज नहीं हैं; ये तो भारतीय गृहस्थी का वो अघोषित संविधान हैं, जिसमें आज तक कोई संशोधन नहीं हो सका।
इस संविधान की पहली धारा है- “आज तक आपने मेरे लिए किया ही क्या है?” यह एक ऐसा भयानक ऑडिट है, जिसके सामने दुनिया के बड़े-बड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट भी फेल हो जाएँ। पति बेचारा दिन-रात ऑफिस में बॉस की झिड़कियाँ खाकर, ईएमआई के बोझ तले दबकर घर चलाता है, लेकिन इस एक वाक्य से उसकी पूरी जीवन-यात्रा की बैलेंस शीट शून्य घोषित कर दी जाती है।
दूसरी धारा सीधे पति के अस्तित्व पर सवाल उठाती है, “हम तो आपसे शादी करके पछता रहे हैं।” कमाल की बात यह है कि यह पछतावा पिछले पंद्रह सालों से लगातार जारी है, लेकिन इसमें ‘रिटर्न या एक्सचेंज पॉलिसी’ का कोई प्रावधान नहीं है।

इसके बाद आता है इतिहास का सबसे स्वर्णिम अध्याय, यानी तीसरी धारा- “इससे अच्छा तो हम अपने मायके में थे।” इस वाक्य को सुनकर ऐसा प्रतीत होता है मानो मायका कोई साधारण घर नहीं, बल्कि स्विट्ज़रलैंड का कोई शाही महल था, जहाँ पत्नी सुबह से शाम तक मखमली गद्दों पर विराजमान रहती थी।
फिर आती है चौथी धारा, जो पति को उसकी औकात याद दिलाने के लिए बनाई गई है- “ऊ तो हम हैं जो आपके साथ टिके हुए हैं, कोई दूसरी होती तो कब की भाग गई होती।” इस वाक्य के बाद पति के पास चुपचाप सिर झुकाकर अपनी किस्मत को धन्यवाद देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।
और अंत में आता है इस महाकाव्य का दार्शनिक चरम, यानी पाँचवीं धारा- “आप तो मुझे जीवन में कभी समझ ही नहीं पाए।” इस एक वाक्य से पति को महसूस होता है कि वह दुनिया का सबसे बड़ा अज्ञानी है, जिसने गणित और विज्ञान तो पढ़ लिया, लेकिन ‘पत्नी-शास्त्र’ की पहली कक्षा में ही फेल हो गया।
मजेदार विडंबना यह है कि पति महोदय फोन पर इन पाँच बातों को बड़े गर्व से ‘बीमारी’ का नाम देते हैं। लेकिन असल सत्य यह है कि जिस दिन पत्नी इन पाँच बातों को बोलना बंद कर दे, उस दिन पति का ब्लड प्रेशर खुद-ब-खुद गिरने लगता है। घर में अगर दो दिन तक कोई शिकायत न हो, कोई ताना न मारा जाए, तो पति को शक होने लगता है कि कहीं वह कोई बड़ा दिन-जैसे सालगिरह या जन्मदिन-तो नहीं भूल गया!

दरअसल, भारतीय पति की यही सबसे बड़ी खूबी और मजबूरी है। वह बाहर भले ही शेर बनकर दहाड़े कि “औरत के नखरे कौन उठाएगा”, लेकिन अंदर ही अंदर वह जानता है कि अगर बीवी से प्यार करते हो, तो उसके नखरे भी उठाने पड़ेंगे। क्योंकि नखरे कोई बोझ नहीं हैं, वे तो इस बात का प्रमाण-पत्र हैं कि आपके रिश्ते की बैटरी अभी फुल चार्ज है।
जो पति इन पाँच महावाक्यों को हँसकर झेल जाता है और बारिश में भीगते हुए भी पत्नी के लिए गरमा-गरम जलेबियाँ ले आता है, वही सच्चा गृहस्थ है। वरना जिस घर में पत्नी के नखरे और ये पाँच शिकायतें न गूँजें, वह घर नहीं रहता-वह तो बस एक शांत, नीरस और बेजान संग्रहालय बन जाता है, जहाँ रहने का कोई मज़ा नहीं।

– महेन्द्र तिवारी
मोबाइल : (+91) 9989703240
संपर्क – 216 बी, द्वितीय तल, राधिका ज्वेलर्स के पास,
गली नंबर-10, साध नगर, पालम कॉलोनी, पालम, नई दिल्ली – 110045
पत्नी पुराण के पांच अमर श्लोक बहुत ध्यान पूर्वक पढे कि जिंदगी की गाडी में ये पांचों पहिए लगाए भी थे या नहीं. एक छठा पहिया लगाना भूल गए. याद दिला रही हूं
कब का तुम्हें और तुम्हारे घर को छोडकर चली जाती, वो तो इन बच्चों को किसके सहारे छोड जाऊं. इनका मोह नहीं छूटता. खैर वक्त सरकता रहा. बेटी अपनी ससुराल में और पुत्र अमेरिका में, मन हुआ पूंछू अब किस के लिए टिकी हो।…….
हिम्मत नहीं हो रही. आप को पता हो तो जरुर बता दें. शायद दिल को सुकून मिल जाए.।.. 🌹🌹