दीपक बैज पहले अपनी पार्टी संभालें, फिर 2028 की बात करें: संजय - rashtrmat.com

दीपक बैज पहले अपनी पार्टी संभालें, फिर 2028 की बात करें: संजय

 राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)।छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष **संजय श्रीवास्तव** ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि दीपक बैज का बयान “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” जैसा है।


खींचतान हमेशा बनी रही 
श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस में कलेक्टिव लीडरशिप की बात करना वास्तविकता से परे है। कांग्रेस और उसके नेताओं में एकता की बात करना ऐसा है, जिसे जनता लंबे समय से देखती और समझती आ रही है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी से पहले और आजादी के बाद तक का इतिहास इस बात का गवाह है कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और आपसी खींचतान हमेशा बनी रही है।
अपने विधानसभा क्षेत्र को संभालें
उन्होंने कहा कि दीपक बैज पहले अपने संगठन और अपने विधानसभा क्षेत्र को संभालें, उसके बाद प्रदेश में कलेक्टिव लीडरशिप की बात करें। श्रीवास्तव ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो प्रदेश अध्यक्ष लगभग ढाई से तीन वर्षों में अपनी प्रदेश कार्यकारिणी तक का गठन नहीं कर पाए, वे आखिर किस आधार पर कलेक्टिव लीडरशिप और 2028 में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं?
प्रदेश कार्यकारिणी का गठन क्यों नहीं हो पाया
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यदि दीपक बैज में नैतिकता है, तो उन्हें सबसे पहले प्रदेश की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह बताना चाहिए कि आखिर इतने लंबे समय के बाद भी उनकी प्रदेश कार्यकारिणी का गठन क्यों नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपने संगठनात्मक संकट का समाधान करे, उसके बाद सत्ता में वापसी के सपने देखे।
कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सपना देखना किसी का अधिकार है, लेकिन सपनों और वास्तविकता में बड़ा अंतर होता है। छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस की आंतरिक स्थिति और उसकी कार्यशैली को भली-भांति जानती है और इसी कारण प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया। श्रीवास्तव ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों और सुशासन पर अपना भरोसा आगे भी कायम रखेगी।