राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बीजेपी को फायदा दिलााने के लिए एकतरफा फैसला लिया। एसआईआर के जरिये चुनाव को प्रभावित करने का आरोप उन पर लगा है। इसके पक्ष में सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में कई तथ्य सामने रखे गए। इंडियन एक्सप्रेस में खबरा छपने के बाद से देश भर में कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है।

पुलिस बल तैनात किया गया
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन किया। दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लखनऊ, कोलकाता और देहरादून समेत कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। दिल्ली में भी चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई और कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

कामकाज को लेकर सवाल उठाए
कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और पद से हटाने के साथ उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि उसकी ओर से विरोध प्रदर्शन मांगें पूरी होने तक जारी रहेंगे। मध्य प्रदेश में भी युवा कांग्रेस ने गुरुवार को भोपाल में प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और एसआईआर तथा चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर सवाल उठाए।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की वजह
प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों से जुड़ी एक रिपोर्ट है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार एसआईआर से जुड़े कुछ फैसलों और आदेशों पर आपत्ति दर्ज कराई थी।

देशभर में कहां-कहां हुए प्रदर्शन
- चंडीगढ़ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। वहीं जम्मू में प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।
- हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर लगे आधिकारिक बोर्ड पर कालिख पोत दी।
- अरुणाचल प्रदेश में विपक्षी कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी के देशव्यापी आंदोलन के तहत ईटानगर में प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया रोकने, मतदाता सूची से जुड़े फैसलों की स्वतंत्र जांच कराने और जांच पूरी होने तक आगामी चुनावों को स्थगित रखने की मांग की। पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी सभी फाइलों को सुप्रीम कोर्ट की हिरासत में रखने की भी मांग की। राजधानी में निर्वाचन भवन के पास प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए।
- पंजाब में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की।
- असम में गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान गौरव गोगोई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।