कलेक्टर कहा, ग्राम खरखड़ी के तालाब गहरीकरण की योजना बनाएं - rashtrmat.com

कलेक्टर कहा, ग्राम खरखड़ी के तालाब गहरीकरण की योजना बनाएं

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत  कलेक्टरआदित्य सिंह ने ग्राम खरखड़ी स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र एवं प्राथमिक कृषि सहकारी समिति का  निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।ग्राम खरखड़ी में  ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जलस्तर बढ़ाने के लिए तालाब का गहरीकरण आवश्यक है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ग्राम पंचायत के साथ समन्वय कर तालाब गहरीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

राशन वितरण में परेशानी न हो

प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि उचित मूल्य दुकान का सेल्समैन अस्वस्थ होने के कारण दुकान वर्तमान में बंद है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पास की अन्य उचित मूल्य दुकान से सेल्समैन की व्यवस्था कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राशन वितरण में परेशानी न हो।

अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

कलेक्टर आदित्य सिंह ने ग्राम खरखड़ी, खैरलांजी के घुसाईटोला, कचेखनी एवं घुबड़गोंदी स्थित  आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  कलेक्टर सिंह ने निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों की संख्या, उनकी उपस्थिति, सैम एवं मैम श्रेणी के कुपोषित बच्चों की संख्या, टीकाकरण की स्थिति तथा पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री माताओं की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *