राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित जनगणना 2027 अंतर्गत राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन में सभी कलेक्टर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना का कार्य महत्वपूर्ण है, मध्य प्रदेश के 55 जिलों में जनगणना का कार्य किया जाएगा यह अपने आप में एक चैलेंज है।

प्रश्नों के उत्तर जनगणना फॉर्म में भरकर देने होंगे
प्रशिक्षण सम्मेलन से सभी जिलों के एसडीएम, आयुक्त नगर निगम, तहसीलदार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी गण गूगल मीट के माध्यम से जुड़े थे। मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना के कार्य का सभी कलेक्टर सुपरविजन करेंगे। जनगणना का दूसरा चरण जिसमें जनसंख्या की गणना होगी उसका कार्य 25 जनवरी 2027 से शुरू होगा। जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल रूप से किया जाएगा। गणनाकर्ता अधिकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़े जुटाएंगे और नागरिक भी वेब पोर्टल के जरिए ऑनलाइन स्व गणना कर सकेंगे। जनगणना अधिकारी प्रत्येक व्यक्ति के पास पहुंचकर उनके परिवार के सदस्य के नाम,आधार कार्ड नंबर एवं मोबाइल नंबर की जानकारी लेंगे। सभी व्यक्ति को केंद्र द्वारा निर्धारित 40 प्रश्नों के उत्तर जनगणना फॉर्म में भरकर देने होंगे।

जनगणना कार्य की सतत मॉनिटरिंग करेंगे
मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टर से कहा कि वह जनगणना के कार्य को पूरी प्राथमिकता देते हुए पूरी गंभीरता से समय सीमा में गुणवत्ता के साथ सुपरविजन करके जनगणना के कार्य को संपन्न कराए। सभी कलेक्टर जनगणना अधिकारियों के प्रशिक्षण के समय मौजूद रहकर सभी को जनगणना का कार्य बेहतर तरीके से करने के लिए मोटिवेट करें। एक हेड बुक के रूप में सभी निर्देश जारी करें। मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना से कोई भी व्यक्ति ना छूटे। मुख्य सचिव ने सभी संभाग के कमिश्नर को निर्देश दिए कि वह जनगणना कार्य की सतत मॉनिटरिंग करेंगे।
जनगणना का कार्य बड़ा है और उद्देश्य स्पष्ट है
अपर मुख्य सचिव गृह श्री संजय शुक्ला ने कहा कि मध्य प्रदेश की टीम जनगणना का कार्य करने के
लिए सक्षम एवं तैयार है। जनगणना का कार्य बड़ा है और उद्देश्य स्पष्ट है की जनगणना में सभी व्यक्तियों की जानकारी मिल जाए कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जनगणना अधिकारी अपनी सभी जानकारी को एक बार क्रॉस चेक अनिवार्य रूप से करें। बताया गया कि स्वतंत्रता के बाद यह आठवीं जनगणना है।