राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल/इंदौर(ब्यूरो)। इंदौर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम का बुधवार सुबह कारोबारियों ने विरोध किया। इस दौरान महिलाओं ने सब्जियां फेंककर विरोध जताया। वहीं, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। धक्का-मुक्की के दौरान एक अधिकारी सड़क पर गिर गए।

7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया
मिमरोट ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के लिखित आदेश नहीं दिखाए। उन्होंने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के मुताबिक, मिमरोट और सब्जी विक्रेताओं समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने को भी तैयार
रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव ने बताया कि मंडी खाली करा दी गई है। अब यहां दोबारा मंडी नहीं लगने दी जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए लड़ते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने को भी तैयार हैं। इधर, पुलिस पुलिस नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट समेत हिरासत में लिए गए 7 लोगों को लेकर कोर्ट पहुंच गई है।सब्जी विक्रेता महिलाएं अभी थाने के बाहर बैठी हुई हैं, जबकि पार्षद राजू भदौरिया FIR दर्ज कराने के लिए थाने में मौजूद हैं। वहीं, हिरासत में लिए गए लोगों को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंचने वाली है।
सड़क पर लगती थी सब्जी मंडी
फूटी कोठी चौराहे पर वर्षों से सड़क पर सब्जी मंडी लगती आ रही थी। सुबह और शाम के समय मंडी के कारण यातायात बाधित होता था। इसे देखते हुए दो दिन पहले नगर निगम की रिमूवल गैंग ने मंडी हटा दी थी। इस कार्रवाई का सब्जी विक्रेताओं ने विरोध किया और कांग्रेस नेता भी उनके समर्थन में उतर आए।