राष्ट्रमत न्यूज,रीवा (ब्यूरो)। ज्ञानोदय ट्राइबल छात्रावास की समस्याएं लेकर बुधवार कि दोपहर कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक सैकड़ा के करीब छात्र स्कूल यूनिफार्म में अपनी अपनी परीक्षाएं छोड़कर कलेक्टर से मिलने जा पहुंचे। उनका आरोप था कि वार्डन गाली देते हैं। मीनू के आधार पर भोजन नहीं मिलता। छात्रावास में गंदगी व्याप्त है। कलेक्टर ने कहा कि सबके पास फोन है। एक फोन तो कर सकते थे। इस तरह की कोई समस्या है। यहां आने की जरूरत नहीं थी।

छात्रों ने कहा अधीक्षक बदसूलकी करते हैं
छात्रों के पीछे पीछे आए विद्यालय के प्राचार्य सहित छात्रावास अधीक्षक ने बच्चों को समझाइश देने का हर संभव प्रयास किया। लेकिन छात्रों का समूह कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़ा रहा। कलेक्ट्रेट के हाल में बच्चों के नीचे बैठने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अपने चैंबर से निकल कर बच्चों के बीच पहुंच गए। बातचीत के दौरान छात्रों ने कलेक्टर से अधीक्षक कि शिकायत करते हुए बताया कि छात्रावास अधीक्षक उनके साथ न सिर्फ बदसलूकी से बात करते हैं, बल्कि बातचीत के दौरान अभद्र शब्दों का भी इस्तेमाल करते हैं।

मीनू के आधार पर खाना नहीं मिलता
बच्चों ने कलेक्टर को बताया कि छात्रावास में शासन के द्वारा तय किए गए मीनू के मुताबिक भोजन नहीं दिया जा रहा। जिसकी उन्होंने अधीक्षक सहित प्रिंसिपल से कई बार शिकायत की। लेकिन दोनों ही अधिकारियों ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया।
छात्रावास अधीक्षक को निलंबित करने निर्देश
बच्चों ने कलेक्टर से बातचीत के दौरान यह भी बताया कि पूरे छात्रावास में गंदगी है टायलेट काम नहीं कर रहे। इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन का समाधान नहीं कर रहा। बच्चों द्वारा दी गई जानकारी के बाद कलेक्टर ने तुरंत छात्रावास अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए और छात्रों को समझाइश देते हुए कहा कि उनकी समस्या का समाधान उनके एक फोन से भी हो सकता था उन्हें इस तरह परीक्षाएं छोड़कर कलेक्टर कार्यालय नहीं आना चाहिए।