स्कूल में घुसकर डिप्टी कमांडेंट ने बेटे के सहपाठी को पीटा,तीसरी मंजिल से फेकने की दी धमकी - rashtrmat.com

स्कूल में घुसकर डिप्टी कमांडेंट ने बेटे के सहपाठी को पीटा,तीसरी मंजिल से फेकने की दी धमकी

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के गर्रा मांझापुर स्थित साहूटोला सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल में 36वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट संतोष डहेरिया पर अपने बेटे के सहपाठी से मारपीट करने का आरोप लगा है।पीड़ित छात्र के परिजन शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। छात्र की मां ममता वासनिक का आरोप है कि डिप्टी कमांडेंट ने उनके बेटे की गर्दन पकड़कर उसे तीसरी मंजिल से फेंकने की धमकी दी। घटना के बाद से बच्चा डरा हुआ है।

अपने बेटे के सहपाठी की पिटाई कर दी

परिजनों के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे की है। दोनों बच्चे एक ही कक्षा में पढ़ते हैं। स्कूल में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद एक बच्चे ने अपने पिता को इसकी जानकारी दी।आरोप है कि इसके बाद डिप्टी कमांडेंट स्कूल पहुंचे और सीधे कक्षा में जाकर अपने बेटे के सहपाठी की पिटाई कर दी। परिजनों का कहना है कि छात्र ने गाली देने और धमकी देने की बात भी बताई है।

परिवार ने पुलिस से शिकायत की

छात्र की मां ममता वासनिक ने एसपी से शिकायत कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने पहले मामले को दबाने का प्रयास किया।उनका कहना है कि स्कूल के शिक्षक घर भी पहुंचे थे और मामले में शिकायत नहीं करने की बात कही थी। हालांकि, बच्चे के साथ भविष्य में कोई अनहोनी न हो, इस आशंका के चलते परिवार ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने जांच का भरोसा दिलाया

स्कूल की प्राचार्य पूर्णिमा देशमुख ने बताया कि घटना के कुछ देर बाद शिक्षक कक्षा में पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि स्कूल के नियमों के विपरीत आचरण के मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित बालक को टीसी दे दी गई है।परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच का भरोसा दिलाया है। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *