राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला के शहर में विंध्य में सबसे ज्यादा कोरेक्स बिकती है। इनके कथित विकास के साथ कोरेक्स बिक्री में भी तेजी से इजाफा हुआ है। भले शेयर बाजार धड़ाधड़ गिर रहा है मगर कोरेक्स का बाजार नहीं गिर रहा है। नशीली सिरप की बिक्री के खिलाफ रविवार को शहीद भगत सिंह सेवा समिति के अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी ने अनोखा विरोध प्रदर्श किया। कोरेक्स की खाली शीशियों की माला पहनकर नशे के खिलाफ प्रदर्शन किया।

नशीली सिरप पर रोक लगे
सेवा समिति के अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी ने कोरेक्स की खाली शीशियों की माला पहनकर अग्रसेन चौक और कोठी कंपाउंड पहुंचे। यहां झाड़ू लगाकर नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशीली सिरप के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।यह चिंता का विषय है। अभी तक रीवा नशीली सिरप के नशे से मुक्त क्यों नहीं हुआ यह प्रशासन को सोचना चाहिए।

गूगल में कोरेक्स सिटी रीवा
इन दिनों इंटरनेट पर रीवा को कोरेक्स सिटी के नाम से जाना जा रहा है। वाइट टाइगर का नाम गुम हो गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आने की जरूरत है।
हर तीसरा युवा नशे का आदी
सुजीत द्विवेदी ने कहा कि आज रीवा का हर तीसरा युवा नशे का शिकार होकर अपना ही नहीं अपने परिवार का जीवन खराब कर रहा है।आर्थिक स्थिति पर असर पर पड़ रहा है। अभिभावकों को चाहिए कि वो अपने बच्चों पर ध्यान दें।
नशा मुक्ति अभियान
समिति के अनुसार कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम और गांधी जयंती के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता एवं नशामुक्ति अभियान का हिस्सा था।