राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के गढ़दा और खुरसोड़ी गांव की करीब 100 महिलाएं मंगलवार को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांवों में कच्ची और पक्की शराब की अवैध बिक्री हो रही है, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। अवैध शराब कारोबारी विरोध करने पर दुष्कर्म करने और मारपीट करने की धमकी दे रहे हैं।
दुष्कर्म करने की धमकी दे रहे
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराबबंदी का प्रयास करने पर कुछ शराब कारोबारियों की ओर से उन्हें दुष्कर्म और परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जा रही हैं।गढ़दा क्षेत्र से कलेक्ट्रेट पहुंची सैवंता आमाडारे ने आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र के बुढे़ना खुर्द, कोड़पाटोला, गढ़दा और पंवारीटोला में कई लोग हाथभट्टी शराब बना रहे हैं। उनके अनुसार, शराब की बिक्री और नशे की वजह से गांव में विवाद की स्थिति बनती है, जिसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा है।
तत्काल कार्यवाही की जायें
शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्हें स्थानीय पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उन्हे सीधे कलेक्टर से शिकायत करनी पड़ रही है। शिकायत पत्र के जरिये अब ग्रामीण महिलाओं ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम खुरसोड़ी में अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जायें।