भोपाल में कांग्रेस का निर्वाचन आयोग घेराव,पुलिस ने चलाई वाटर कैनन - rashtrmat.com

भोपाल में कांग्रेस का निर्वाचन आयोग घेराव,पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में सोमवार को भोपाल में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और झंडे लहराने लगे। भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर मौके से हटाया। प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में उप नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे समेत कई घायल हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला। उन्हें बाद में अस्पताल  पहुंचाया गया।

‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के पोस्टर लेकर पहुंचे।

ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर पहुंचे कार्यकर्ता
प्रदर्शन में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध भी किया। एक कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर पहुंचा। उसे जंजीरों में बांधकर प्रदर्शन किया गया। जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में शामिल नजर आए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाए।

  EVM से चुनाव हुए तो बहिष्कार करेंगे

पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने ज्ञानेश कुमार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें फांसी देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम से चुनाव हुए तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे।इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहने और जंजीरों में जकड़े एक कार्यकर्ता को जीतू पटवारी और उमंग सिंघार जंजीरों से पकड़े नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *