सालभर में ही धंस गया रेलवे अंडरब्रिज आवागमन पूरी तरह ठप - rashtrmat.com

सालभर में ही धंस गया रेलवे अंडरब्रिज आवागमन पूरी तरह ठप

राष्ट्रमत न्यूज न्यूज कोरिया छग(ब्यूरो)।कोरिया जिले के चरचा कॉलरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज की पुलिया शनिवार सुबह अचानक धंस गई। करीब एक साल पहले निर्मित इस अंडरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने से शिवपुर-चरचा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इसके चलते क्षेत्र की करीब 25 हजार की आबादी प्रभावित हुई है और लोगों का मुख्य मार्गों से संपर्क बाधित हो गया है।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इस मार्ग से रोजाना आम नागरिकों के अलावा करीब 50 से 60 भारी वाहन और कोयला परिवहन भी गुजरता है।

निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
अंडरब्रिज के इतनी कम अवधि में धंसने के बाद निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भारी वाहनों और कोयला परिवहन के दबाव वाले मार्ग पर निर्माण के दौरान गुणवत्ता और मजबूती का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए था। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लालमुनि यादव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कम समय में पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

सीसी सड़क भी जगह-जगह खराब
मुख्य मार्ग बंद होने का सीधा असर स्कूली बच्चों और दैनिक आवागमन पर पड़ा है। स्कूल बसों का संचालन प्रभावित होने से हजारों बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य रास्ता बंद होने के बाद लोग चरचा थाने के बगल से बने वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, यह रास्ता भी बदहाल स्थिति में है। यहां मौजूद पुल पहले से जर्जर है और सीसी सड़क भी जगह-जगह खराब हो चुकी है। ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ने से हादसे का खतरा बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *