राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के बोरी गांव में सोमवार को खेत में काम कर रहे एक 62 वर्षीय किसान भंडारी पिता तेजूलाल पांचे पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में किसान बुरी तरह जख्मी हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।भंडारी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ वापस जंगल की ओर भाग निकला।

अचानक तेंदुआ ने हमला कर दिया
मृतक की पहचान भंडारी पिता तेजूलाल पांचे (62) के रूप में हुई है। सोमवार को जब वे अपने खेत में कृषि कार्य में व्यस्त थे, तभी समीपवर्ती जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने उन पर हमला बोल दिया।तेंदुए ने किसान के पेट और शरीर के अन्य अंगों पर अपने पंजों से गहरे घाव कर दिए। भंडारी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ वापस जंगल की ओर भाग निकला।
घायल भंडारी हायर सेंटर रेफर
ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल भंडारी को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चोट काफी गहरी होने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण ड्यूटी डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल लेकर रवाना हो गए हैं।

वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों से विस्तृत जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए की सक्रियता बढ़ गई है और वह कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।अस्पताल पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक महेंद्र मर्सकोले ने घायल के पड़ोसी ओमकार पांचे का बयान दर्ज कर लिया है। मामले की डायरी संबंधित ग्रामीण पुलिस थाने को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।