गायत्री शक्तिपीठ में लोककल्याण की कामना की आहूती दी गयी - rashtrmat.com

गायत्री शक्तिपीठ में लोककल्याण की कामना की आहूती दी गयी

 राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। नगर के हृदय स्थल पर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में दसवां प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। 26 से 28 फरवरी तक आयोजित इस भव्य आयोजन में जिले के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

श्रद्धापूर्वक गुरु पूजन किया गया
शक्तिपीठ की स्थापना वर्ष 2016 में गायत्री परिवार द्वारा जिले में संस्कार जागरण और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से की गई थी। वार्षिकोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल शुभ मुहूर्त में गर्भगृह में विराजित माता गायत्री, माता दुर्गा एवं माता सरस्वती का विधि-विधान से विशेष पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया भगवती देवी शर्मा के चित्रों के समक्ष श्रद्धापूर्वक गुरु पूजन किया गया।
सुंदरकांड रामायण पाठ
प्रथम दिवस प्रातः 10 बजे से पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें लोककल्याण एवं विश्व शांति की कामना से श्रद्धालुओं ने आहुतियां समर्पित कीं। सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 12 घंटे का अखंड गायत्री मंत्र जप संपन्न हुआ। संध्या 7 बजे से मां दंतेश्वरी मानस मंडली एवं गायत्री परिवार द्वारा सुंदरकांड रामायण पाठ का आयोजन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।
भावनात्मक आहुतियां
द्वितीय दिवस ‘माता-पिता दिवस’ के रूप में मनाया गया, जिसमें बच्चों को माता-पिता के प्रति सेवा, सम्मान और कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया। संस्कार जागरण कार्यक्रम के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला गया।संध्या 5 बजे नगर में भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। माता-बहनों ने सिर पर कलश धारण कर प्रज्ञा गीतों, नारों और गायत्री मंत्रोच्चार के साथ नगर भ्रमण किया। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया। कलश यात्रा के उपरांत आरती एवं दीपयज्ञ का आयोजन कर भावनात्मक आहुतियां समर्पित की गईं।कार्यक्रम के दौरान 11 दीक्षा संस्कार, एक अन्नप्राशन संस्कार एवं एक विवाह संस्कार विधिपूर्वक संपन्न हुआ। पूर्णाहुति के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई।
सहयोग से वार्षिकोत्सव संपन्न
कार्यक्रम का संचालन जगदलपुर के वर्तमान परिव्राजक अच्छे लाल साहू द्वारा भजन-कीर्तन, प्रज्ञा संगीत एवं युग निर्माण के संदेशों के माध्यम से किया गया। उन्होंने समयदान, अंशदान, व्यक्ति निर्माण एवं परिवार निर्माण के सूत्रों पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में सहभागिता का आह्वान किया।पूरे आयोजन में प्रमुख प्रबंध ट्रस्टी शंकर कुड़ियम, जिला समन्वयक बीरा राजबाबू, वरिष्ठ परिजन विजय बहादुर राजभर, व्यवस्थापक जयपाल सिंह राजपूत, लेखा प्रभारी बैजनाथ गुप्ता सहित अनेक परिजनों की सक्रिय सहभागिता रही। श्रद्धालुओं की उपस्थिति और सहयोग से वार्षिकोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।