बलौदाबाजार से रायपुर आ रही बस में लगी आग, 50 यात्री सुरक्षित निकाले गए - rashtrmat.com

बलौदाबाजार से रायपुर आ रही बस में लगी आग, 50 यात्री सुरक्षित निकाले गए

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह रायपुर जा रही एक यात्री बस में आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ से सभी 50 यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है।जानकारी के मुताबिक, राजधानी ट्रेवल्स की बस सुबह करीब 8 बजे बलौदाबाजार से रायपुर के लिए निकली थी। जिसमें करीब 50 यात्री सवार थे। करीब 9 बजे भैंसा गांव के पास बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुएं ने आग का रूप ले लिया और आग तेजी से बस में फैलने लगी।

चलती बस में अचानक उठा धुआं

दरअसल, चलती बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में धुएं ने आग का रूप ले लिया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यह घटना सुबह करीब 9 बजे भैंसा गांव के पास हुई।यात्री पवन ने बताया कि ड्राइवर ने समय रहते बस रोक दी, जिससे सभी यात्रियों, खासकर बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। उनका कहना था कि यदि ड्राइवर ने समय पर कार्रवाई न की होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

बस को सड़क किनारे रोका

बस में आग लगते ही ड्राइवर ने हालात की गंभीरता को तुरंत समझते हुए बिना समय गंवाए बस को सड़क किनारे रोका। उसने सभी दरवाजे तुरंत खोल दिए और यात्रियों से शांत रहने की अपील करते हुए एक-एक कर सभी को नीचे उतारा।चालक की समझदारी और सूझबूझ के चलते बस में सवार लगभग 50 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी प्रकार की भगदड़ नहीं मची और कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।

यात्रियों के उतरते ही जल उठी बस

चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही अंतिम यात्री बस से नीचे उतरा, वैसे ही आग ने विकराल रूप ले लिया। और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते बस जलकर खाक हो गई। बस से उठती आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में चिंता फैल गई।

गांव वालों ने की यात्रियों की मदद

बता दें, घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। कुछ यात्रियों को पानी और बैठने की व्यवस्था कराई गई, ताकि वे सदमे से उबर सकें। यात्रियों ने एक स्वर में चालक की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।