आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जायेंगे - डॉ. मोहन - rashtrmat.com

आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जायेंगे – डॉ. मोहन

 चिकित्सा सुविधाओं में और वृद्धि होगी – शुक्ल

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में शहरों के साथ ग्रामीण स्तर तक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने के सभी कार्य प्राथमिकता से किये जा रहे हैं। वर्ष 2003 से पूर्व जहां प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जायेंगे। मुख्यमंत्री ने श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय में 350 करोड़ रूपये की लागत के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

सुपर स्पेशलिटी  में 2440 बेड हो जायेंगे
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा के श्यामशाह मेडिकल कॉलेज अन्तर्गत स्थापित अस्पतालों तथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 2440 बेड हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि कैंसर यूनिट की स्थापना हो जाने से विन्ध्य अंचल के लोगों को कैंसर के इलाज के लिये बाहर नहीं जाना पड़ेगा उन्हें कैंसर की जांच के साथ ही बेहतर से बेहतर इलाज मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब वर्ग के लोगों व जरूरतमंदों को सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिये एयर एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की जिसकी बड़ी संख्या में मरीज लाभ उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और विविधता के देश को प्रधानमंत्री जी लगातार आगे ले जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

200 विस्तर का कैंसर अस्पताल

डॉ. यादव ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व रीवा के विधायक राजेन्द्र शुक्ल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह रीवा एवं विन्ध्य को लगातार विकास के क्षेत्र में आगे ले जा रहे हैं। वह 24 घंटे क्षेत्र के विकास में अपनी जागरूक भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं इसी का परिणाम है कि रीवा व विन्ध्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज का दिन रीवा के लिये सौगात का दिन है। श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों के लिये 350 करोड़ रूपये के कार्यों से पुराने अस्पताल भवन, डॉक्टर्स क्वार्टस तथा अन्य आवश्यक कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रीवा में पहले सिर्फ 60 मेडिकल की सीटें थी तथा इसका काफी पुराना भवन हो गया था अब एमबीबीएस की सीटों के बढ़ाने के साथ ही नवीन कार्य व उपकरण बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिये सौगात होंगे। उन्होंने कहा कि 200 विस्तर का कैंसर अस्पताल के बन जाने से जांच के साथ उपचार की सुविधा मिलने लगेगी।

अधिक से अधिक चिकित्सक मिलें

इस अवसर पर सांसद   जनार्दन मिश्र ने कहा कि आज का दिन स्वास्थ्य के मामले में कायाकल्प कादिन है। कैंसर यूनिट की स्थापना विन्ध्य वासियों के लिये सौगात होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देश व प्रदेश में मेडिकल कालेजों की स्थापना की जा रही है ताकि अधिक से अधिक चिकित्सक मिलें और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मुहैया हो सकें।