NGT के आदेशों का पालन करे नगरीय प्रशासन,अन्यथा करेंगे जनांदोलन-अनुभा - rashtrmat.com

NGT के आदेशों का पालन करे नगरीय प्रशासन,अन्यथा करेंगे जनांदोलन-अनुभा

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाटब्यूरो)। बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने देवी तालाब के संरक्षण को लेकर एक बार फिर जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होने एनजीटी के आदेशो का तत्काल पालन करने की चेतावनी दी है। अन्यथा बडा आंदोलन करने का अल्टीमेटम भी दिया है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण एनजीटी भोपाल एवं जबलपुर उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद देवी तालाब के अस्तित्व को बचाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।


तालाब का अस्तित्व संकट में
विधायक अनुभा मुंजारे एक कार्यक्रम के बाद देवी तालाब के क्षेत्र से गुजरते वक्त देखा कि वर्षों से नगरवासियों की आस्था का केंद्र रहा देवी तालाब आज अतिक्रमण, अस्वच्छता और लापरवाही का शिकार हो चुका है। विधायक ने आरोप लगाया कि नगर के कुछ बड़े कॉलोनाइजर्स की कुदृष्टि देवी तालाब की भूमि पर है और उनके दबाव में आकर नगर पालिका प्रशासन तालाब में मिट्टी व कचरा डलवा रहा है। नगर के चार से पांच बड़े नालों का गंदा पानी सीधे तालाब में छोड़ा जा रहा है,जिससे तालाब का अस्तित्व संकट में पड़ गया है।

विधायक ने दी चेतावनी
उन्होंने कहा कि एक ओर नगर के जागरूक नागरिक देवी तालाब को बचाने के लिए एनजीटी भोपाल और जबलपुर उच्च न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप सख्त आदेश भी पारित हुए हैं। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद मूकदर्शक बनकर न्यायालयीन आदेशों की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं। विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा यह जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद की अक्षमता को दशार्ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही एनजीटी और उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं किया गया तो नगर के जनमानस के साथ मिलकर देवी तालाब के संरक्षण हेतु एक बड़ा जनांदोलन खड़ा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *