राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के खुटेही इलाके में यातायात पुलिस ने वाहनों की गहन जांच करते हुए आने.जाने वाले वाहन चालकों से पूछताछ की। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट तथा बिना वैध दस्तावेजों के दोपहिया वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई।जांच के दौरान तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने तथा बिना हेलमेट के वाहन संचालन करने वाले चालकों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। वहीं कुछ वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश के बाद छोड़ दिया गया।

मुख्यालय के निर्देश पर चेकिंग
पुलिस द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नागरिकों की सुरक्षा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन हर हाल में अनिवार्य है।थाना प्रभारी एनिमा शर्मा ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि वाहन चालकों में अब यातायात नियमों को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।इस कार्रवाई में यातायात पुलिस से अखिलेश कुशवाहा एवं थाना प्रभारी एनिमा शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस का कहना है कि आगे भी इसी तरह नियमित रूप से वाहन जांच अभियान जारी रहेगा।

तीन सवारी वालों की खैर नहीं
थाना प्रभारी एनिमा शर्मा ने कहा कि दो पहिया वाहन चालकों को देखा जा रहा है कि वो तीन सवारी बिठाकर चलते है। जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। तीन सवारी बिठाकर चलने वालों के खिलाफ चालान करने का आदेश है। कायदे से दो पहिया वाहन चालक हमेश घर से निकलें तो अपने वाहन के कागजात के साथ हेलमेट लगाकर ही निकलें। कानून का पालन करें और अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखे। चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाकर चलें।