खेत में लगी मटर खाने पर दो बच्चों को तालिबानी सजा - rashtrmat.com

खेत में लगी मटर खाने पर दो बच्चों को तालिबानी सजा

राष्ट्रमत न्यूज,बलरामपुर(ब्यूरो)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में दो हमउम्र दोस्तों का हाथ-पैर बांधकर मारपीट करने की शिकायत पुलिस से की गई है। दोनों बच्चों की गलती बस इतनी थी कि उन्होंने खेत में लगे मटर को तोड़कर खा लिया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य निकलकर सामने आया है कि यह घटना चार जनवरी की दोपहर करीब दो बजे हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद शिकायत पुलिस से की गई है।

राजपुर थाना से लगभग सात किलोमीटर दूर एक गांव में सात वर्षीय बालक अपने एक साथी के साथ चाचा-चाची के घर जा रहा था। रास्ते में मटर की बाड़ी देखकर दोनों बच्चों ने मटर तोड़कर खा लिया। इसी दौरान खेत के मालिक ने दोनों बच्चों को देख लिया और उन्हें अपने घर ले गया। खेत मालिक ने दोनों बच्चों के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर मारपीट की। इनमें से एक बच्चा खेत मालिक के परिवार का बताया जा रहा है, जबकि दूसरा बच्चा पीड़ित परिवार का है।

  पिता ने दर्ज कराई थाने में शिकायत
पीड़ित बच्चों के पिता ने राजपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी जानते थे कि बच्चे नाबालिग हैं, इसके बावजूद उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। इस घटना से बच्चे मानसिक रूप से आहत और भयभीत हैं।
  दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
राजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि बच्चों के साथ हिंसा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *