जादू टोने के शक में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से किया हत्या - rashtrmat.com

जादू टोने के शक में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से किया हत्या

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरवाही गांव में 13 अक्टूबर को 65 वर्षीय वृद्ध का रक्तरंजित शव घर के आंगन में मिला था। वृद्ध की कनपटी के पास धारदार हथियार के निशान था। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही थी। मृतक की पहचान पीरम सिंह नेताम के रूप में की गयी थी। थाना प्रभारी बरडे ने बताया मृतक के चचेरे भाई मोहर सिंह नेताम 45 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने जादू टोने के शक में पीरम सिंह की हत्या किया था। पुलिस ने पिरम सिंह की हत्या के लिए इस्तेमाल की गयी कुल्हाड़ी भी जब्त कर लिया है।

वृद्ध का खून से लथपथ शव देखा

घटना की सूचना मिलते ही बिरसा थाना प्रभारी रेवल सिंह बरडे और बालाघाट से एफएसएल टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। टीम ने घर के आंगन में पड़े शव और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया।पुलिस के अनुसार, वृद्ध पीरम सिंह रात में घर की बाड़ी (अहाते) में बने एक छोटे मकान में सोने गए थे। सोमवार सुबह जब उनका लड़का मवेशी बांधने के लिए उस तरफ गया, तब उसने वृद्ध का खून से लथपथ शव देखा।थाना प्रभारी रेवल सिंह बरडे ने बताया कि वृद्ध की कनपटी के पास किसी लोहे के धारदार हथियार से हमला करने के स्पष्ट निशान हैं। पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बिरसा अस्पताल भिजवा दिया ।

उसका शक और गहरा गया

अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच के दौरान पुलिस को पिरम सिंह के चचेरे भाई मोहर सिंह उर्फ जीतू सिंह पर संदेह हुआ। पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे पिरम सिंह पर जादू-टोना करने का शक था, जिसके कारण परिवार के लोग बार-बार बीमार पड़ते थे। कुछ समय पहले भाई की मृत्यु होने के बाद उसका शक और गहरा गया था। इसी शक के चलते उसने 12 अक्टूबर की रात सोते समय चचेरे भाई पिरम सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। जुर्म कबूल करने के बाद बिरसा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।थाना प्रभारी बरडे ने शव को देखकर ही कहा था कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला धारा 302 के पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दिया गया था।आज हत्या का पर्दाफाश पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *