सूचना प्रौद्योगिकी प्रशिक्षकों को तीन माह से नहीं मिला मानदेय - rashtrmat.com

सूचना प्रौद्योगिकी प्रशिक्षकों को तीन माह से नहीं मिला मानदेय

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देकर उनके भविष्य को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में जुटे सूचना प्रौद्योगिकी प्रशिक्षक आज खुद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। विद्यार्थियों को नियमित रूप से शिक्षा देने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने वाले इन प्रशिक्षकों को पिछले तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 का भुगतान लंबित होने से इनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना तक मुश्किल होता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि रोजाना विद्यालय आने-जाने का खर्च जुटाना और घर की आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया है।

मानदेय समय पर नहीं मिल रहा
अपनी पीड़ा और परेशानियों को लेकर बालाघाट जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में कार्यरत समस्त सूचना प्रौद्योगिकी प्रशिक्षकों ने क्षेत्रीय विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। प्रशिक्षकों ने बताया कि वे लंबे समय से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी ज्ञान देने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन इसके बदले मिलने वाला मानदेय भी समय पर नहीं मिल रहा है। तीन माह तक भुगतान नहीं होने से उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। प्रशिक्षकों का कहना है कि मानदेय की समस्या को लेकर वे कई बार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं। हर बार भुगतान की स्थिति और देरी का कारण जानने का प्रयास किया गया, लेकिन आज तक उन्हें कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *