रेल रोको आंदोलन के लिए निकले किसान,पुलिस के साथ हुई झड़प - rashtrmat.com

रेल रोको आंदोलन के लिए निकले किसान,पुलिस के साथ हुई झड़प

*पुलिस ने बैरिकेड लगाकर किसानों को रोका
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। धान के दाम को लेकर किसानों का गुस्सा अब सड़कों पर फूट रहा है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान, 4500 रुपये समर्थन मूल्य और बकाया बोनस की मांग को लेकर बालाघाट में किसान गर्जना संगठन ने किसान जन अधिकार आक्रोश रैली निकाली। किसान, रेल रोको आंदोलन के लिए रेलवे स्टेशन की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही बैरिकेडिंग कर किसानों को रोक दिया। जिसके बाद किसानों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहस हुई। इस दौरान बैरिकेड के सामने किसानों ने जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।

मांगों को लेकर सड़क पर उतरे
जिले में किसानों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। किसान गर्जना संगठन के नेतृत्व में जिलेभर के किसान अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे। किसान, आक्रोश रैली के जरिए सरकार को वे वादे याद दिलाने निकले, जो चुनावी समय मे किसानों से किए गए थे। जहां किसानों की प्रमुख मांग है कि धान का भुगतान 3100 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए, धान का समर्थन मूल्य 4500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित हो और पूर्व में घोषित बोनस की बकाया राशि तत्काल किसानों को दी जाए। इन्हीं मांगों को लेकर किसानों ने रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया और रेलवे स्टेशन की ओर कूच कर दिया। लेकिन रेल्वे स्टेशन पहुंचने से पहले ही पुलिस ने स्टेशन मार्ग पर बैरिकेडिंग कर किसानों का रास्ता रोक दिया।

  अधिकारियों के बीच बहस और झड़प

किसान बैरिकेड पार करके आगे बढ़ना चाहते थे, परंतु पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही। इसी दौरान किसानों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस और झड़प भी हुई। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों और सरकार के वादों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि किसानों के इस आक्रोश के बीच सरकार उनकी मांगों पर क्या रुख अपनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *