*रमेश कुमार रिपु को मिला धीरज सिंह स्मृति भगवती चरण वर्मा कथा सम्मान
*कहानी को संरक्षित और समृद्ध करने का काम कर रहा है कथा रंग- ममता कालिया
राष्ट्रमत न्यूज,गाजियाबाद(ब्यूरो)। कथा के नए धुरंधर कथा रंग के सम्मान से नवाजे गए।हिन्दी साहित्य की प्रतिष्ठित संस्था कथा रंग की ओर से आयोजित कहानी स्पर्धा में सम्मान के हक की दहलीज तक पहुंचने वाले कहानीकारों को से.रा.यात्री स्मृति कथा रंग साहित्य महोत्सव एवं अलंकरण समारोह में पुरस्कृत किये गए। इस अवसर पर वरिष्ठ कथाकार बलराम और डेनमार्क से आईं कथाकार अर्चना पैन्यूली को कथा रंग शिखर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, कथाकार रमेश कुमार रिपु को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप धीरज सिंह स्मृति भगवती चरण वर्मा कथा सम्मान प्रदान किया गया। उमंग जौली सरीन को शांति देवी स्मृति कृष्णा सोबती कथा सम्मान से सम्मानित किया गया।

महिलाएं अब कहानी की दुनिया संभाल रहीं
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध साहित्यकार ममता कालिया ने सम्मानित रचनाकारों को बधाई देते हुए कहा कि कथा रंग हिंदी साहित्य, विशेषकर कहानी विधा को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं घर संभालती थीं, लेकिन अब वे कहानी की दुनिया को भी पूरी गंभीरता से संभाल रही हैं। कथा रंग जिस तरह से कथा ऋषि से. रा. यात्री की साहित्यिक परंपरा का निर्वहन कर रहा है, उसकी मिसाल पूरे देश में देखने को नहीं मिलती।

महिला रचनाकार बधाई की पात्र हैं
ममता कालिया ने कहा कि वरिष्ठ साहित्यकार बलराम और डेनमार्क से आईं अर्चना पैन्यूली का कथा रंग के मंच पर एक साथ शिखर सम्मान ग्रहण करना इस बात का प्रमाण है कि संस्था ने देश-विदेश में अपनी विश्वसनीय पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि कथा रंग के मंच पर महिला रचनाकारों की भागीदारी पुरुष लेखकों की तुलना में लगभग 80 प्रतिशत है, जो मौजूदा साहित्यिक परिदृश्य की एक महत्वपूर्ण तस्वीर प्रस्तुत करती है। स्त्री को केवल पारंपरिक पत्नी या मां की भूमिका तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ साहित्य-साधना में जुटी महिला रचनाकार विशेष रूप से बधाई की पात्र हैं।

स्त्री की दुनिया का सीमित न करें
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार महेश दर्पण ने कहा कि कथा रंग भारत का ऐसा साहित्यिक मंच है, जो कहानी और उसकी रचनात्मकता के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। इस अवसर पर अर्चना पैन्यूली को ‘शिवम कपूर स्मृति प्रेमचंद कथा सम्मान’ तथा कथाकार बलराम को ‘से. रा. यात्री स्मृति कथा शिरोमणि’ सम्मान प्रदान किया गया। दोनों सम्मान के अंतर्गत 11-11 हजार रुपये की सम्मान राशि भी दी गई।

हिंदी साहित्य की समृद्धि में निरंतर योगदान
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कथाकार बलराम का इस अवसर पर 75वां जन्मदिन भी मनाया गया। उन्होंने कहा कि एक ओर कई स्तरों पर साहित्य का दायरा सिकुड़ता जा रहा है, वहीं कथा रंग निरंतर अपना विस्तार कर रहा है। एक दशक की साहित्यिक यात्रा के लिए कथा रंग परिवार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पुरस्कार साहित्य को समृद्ध नहीं करते, बल्कि वे इस बात के प्रतीक होते हैं कि साहित्य कितना समृद्ध है। कथा रंग के माध्यम से हिंदी साहित्य की समृद्धि में निरंतर योगदान दिया जा रहा है।
कथा रंग ने विशिष्ट पहचान बनाई
कथा रंग की संरक्षिका एवं सुप्रसिद्ध शायरा डॉ. माला कपूर ‘गौहर’ ने कहा कि कथा ऋषि से. रा. यात्री की स्मृति में आयोजित कथा रंग साहित्य महोत्सव ने देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इसका श्रेय निश्चित रूप से से. रा. यात्री की साहित्यिक विरासत और कथा रंग परिवार की निरंतर सक्रियता को जाता है।

अनेक रचनाकारों को मिले सम्मान
समारोह में उमंग जौली सरीन को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप ‘शांति देवी स्मृति कृष्णा सोबती कथा सम्मान’ तथा रमेश कुमार रिपु को ‘धीरज सिंह स्मृति भगवती चरण वर्मा कथा सम्मान’ प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रज्ञा रोहिणी, सुधा थपलियाल और प्रदीप भट्ट को ‘से. रा. यात्री कथा गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सुधा जुगलान एवं डॉ. ज्योत्सना मिश्रा को ‘कथा रंग सृजन सम्मान’ प्रदान किया गया। वर्ष 2024 की विजेता अनीता रश्मि को भी तृतीय पुरस्कार स्वरूप ‘अमृता प्रीतम सम्मान’ दिया गया।
कहानी संग्रह ‘रंग-ए-अफसाना 2026’ का लोकार्पण
समारोह के दौरान अद्विक प्रकाशन की ओर से चयनित कहानियों के प्रकाशित संग्रह ‘रंग-ए-अफसाना 2026’ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर शिवनारायण, डॉ. अशोक मैत्रेय, कमलेश भट्ट ‘कमल’, डॉ. माला कपूर ‘गौहर’, अशोक गुप्ता और अतुल सिन्हा सहित अन्य साहित्यकारों ने अपने विचार व्यक्त किए।संस्था के अध्यक्ष शिवराज सिंह ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से सुभाष चंदर, आलोक यात्री, वागीश शर्मा और रिंकल शर्मा ने किया।

साहित्यकारों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
समारोह में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पवन कुमार, सुरेन्द्र सिंघल, राकेश कुमार, रघुवीर शर्मा, ऋषि कुमार शर्मा, वंदना वाजपेई, रंजना मजुमदार, सुभाष अखिल, रवि पाराशर, डॉ. सुमन गोयल, पूनम मनु, तेजवीर सिंह, डॉ. मनोहर, अविनाश, डॉ. आशा रानी, विजय लक्ष्मी, डॉ. वीना मित्तल, सिनीवाली, प्रताप सिंह, के.के. जायसवाल, शकील अहमद, डॉ. आभा, सुदीप ठाकुर, पूजन प्रियदर्शी, बबली सिन्हा ‘वान्या’, ओंकार सिंह, डी.डी. पचौरी, विनय विक्रम सिंह, राजीव शर्मा, उत्कर्ष गर्ग, आशु गोस्वामी, जोया, तन्मय, अभिनव, सत्य प्रसाद पेन्यूली, मंजु पेन्यूली और चंद्रवती शुक्ला सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।