राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बसों के सुचारु संचालन के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी देवेश बाथम ने 4 नवंबर को बस आपरेटर्स की बैठक ली। बैठक में बसों के निर्धारित यात्री किराये, यातायात नियमों के पालन और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान बस एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश चौहान सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं बस संचालक उपस्थित रहे।
वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारी सीजन में किसी भी बस संचालक द्वारा यात्रियों से शासन द्वारा निर्धारित किराये से अधिक राशि नहीं वसूली जाएगी। निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने की शिकायत प्रमाणित होने पर संबंधित बस का परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्री वाहनों में स्वीकृत क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना प्रतिबंधित है। ओवरलोडिंग पाए जाने पर वाहन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दीपावली एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए सभी यात्री बसों में अग्निशमन यंत्र का क्रियाशील होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही बसों में पटाखों एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री का व्यावसायिक परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बस चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा तेज गति और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
सभी वैद्य दस्तावेज रखें
जिला परिवहन अधिकारी ने सभी बस संचालकों को निर्देशित किया कि बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) और टैक्स संबंधी दस्तावेज अद्यतन एवं वैध होने चाहिए। अपूर्ण अथवा अनाधिकृत दस्तावेजों वाले वाहनों का संचालन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बस संचालकों, चालकों एवं परिचालकों को यात्रियों के साथ शालीन, सौहार्दपूर्ण और मर्यादित व्यवहार करने की हिदायत भी दी।