राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट के वन परिक्षेत्र दक्षिण उकवा सामान्य के अमले ने पैंगोलिन के अवैध व्यापार के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।जहां आरोपितों को बैहर न्यायालय में पेश किया गया और उन्हे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वन अमले ने पैंगोलिन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त किया है, लेकिन कार्यवाही के दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

फरार आरोपितों की तलाश
पकड़े गए आरोपितों में संपत पिता टेकसिंग धुर्वे (29) वार्ड नंबर 11 जामटोला कंदई बैहर, हंसू पिता सकरू धुर्वे (40) वार्ड नंबर 11 जामटोला कंदई बैहर और रामसिंग पिता देवान मरकाम (37) वार्ड नंबर नौ कासरटोला बैहर निवासी शामिल हैं। वन विभाग के अधिकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति पैंगोलिन को अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से शाम को सोनगुड्डा से बिठली मार्ग पर ले जाने वाले हैं। सूचना के बाद टीम ने किस नदी के समीप कक्ष क्रमांक 1875 में मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर पैंगोलिन के साथ संदिग्धों को पकड़ा और तीन आरोपितों को अभिरक्षा में लिया। जहां आरोपितों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 2712/01 पंजीबद्ध किया गया है। वही फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिकार
मप्र में पेंगोलिन के शिकार के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कैंसर, अस्थमा की दवा ही नहीं, बल्कि शक्तिवर्धक व दुर्बलता दूर करने वाली दवाओं में भी इसकी सल्क का उपयोग किया जा रहा है। चीन में इसका सूप भी बेहद पसंद किया जाता है। मांग ज्यादा होने के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका शिकार और तस्करी की जाती है। कई राज्यों में पेंगोलिन के शिकार और तस्करी के लिए बड़ा रैकेट काम कर रहा है।
पेंगोलिन की तस्करी चीन तक
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मप्र से नेपाल के रास्ते पेंगोलिन की तस्करी चीन तक होती है, क्योकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पेंगोलिन की सल्क, बाघ की खाल के बराबर कीमत में बिकता है। स्थानीय बाजार में 50 हजार तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत डेढ़ से दो लाख रुपए प्रति किलो है। यही वजह है कि रूपयो मे लालच मे आकर विदेशी व्यापारी संपर्क बिठाकर इनकी उपलब्धता वाले ईलाको में इसका शिकार करवाते है। बहरहाल वन विभाग के अधिकारियों ने आम से अपील की है कि वन्यप्राणियों की सुरक्षा करें, रूपये के लालच में आकर उनका शिकार या उनकी तस्करी जैसे अनैतिक कार्यो में सलिप्तता ना रखे।