बीजापुर के 10 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन - rashtrmat.com

बीजापुर के 10 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन

राष्ट्रमत न्यूज बीजापुर/ दंतेवाड़ा(ब्यूरो)।बीजापुर/दंतेवाड़ा में आयोजित 26वीं राज्यस्तरीय शालेय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में बस्तर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर दोहरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि में बीजापुर जिले के खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपने खेल कौशल, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतिभाओं को एक नई पहचान दी

प्रतियोगिता के दौरान बीजापुर के खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और जुझारूपन के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने बस्तर संभाग की दोनों वर्गों की टीमों को विजेता बनाने में अहम योगदान दिया। राज्यस्तरीय मंच पर खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने जिले की खेल प्रतिभाओं को एक नई पहचान दी है।

 राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

प्रतियोगिता की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि बीजापुर जिले के 10 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की शालेय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इनमें बालक वर्ग के 5 और बालिका वर्ग की 5 खिलाड़ी शामिल हैं। अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर संभाग और बीजापुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका

यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं की मौजूदगी और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित करती है। खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मेहनत और लगन से मिली बड़ी सफलता

बीजापुर जैसे वनांचल जिले के खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर बड़े मंचों पर सफलता हासिल की जा सकती है। बालक और बालिका दोनों वर्गों में संभाग का स्वर्ण पदक हासिल करना जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि है।

राष्ट्रीय मंच पर दिखेगा बीजापुर का दम

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद अब चयनित 10 खिलाड़ियों की नजरें राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर हैं। जिलेवासियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बीजापुर और बस्तर संभाग का नाम गौरवान्वित करेंगे।

कलेक्टर ने दी खिलाड़ियों को बधाई

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना की। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर  उत्तम पंचारी, जिला शिक्षा अधिकारी  राजेश पांडे, सहायक खेल अधिकारी  डी. सुब्बैया तथा अंतरराष्ट्रीय कोच एवं श्रम निरीक्षक  सोपान करणेवार सहित संबंधित अधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

एक नया अध्याय जोड़ा

बीजापुर के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के संकल्प को और मजबूत करती है। राज्य में दोहरा स्वर्ण और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 10 खिलाड़ियों का चयनबीजापुर की खेल प्रतिभा की इस सफलता ने जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *