नक्सल कोर एरिया कर्रेगुट्टा हिल्स पर पहली बार लहराया तिरंगा - rashtrmat.com

नक्सल कोर एरिया कर्रेगुट्टा हिल्स पर पहली बार लहराया तिरंगा

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। दशकों तक नक्सल हिंसा के अंधकार में डूबे बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में आज इतिहास रच गया। माओवादियों के कोर एरिया माने जाने वाले लगभग 5000 फीट ऊँचाई पर स्थित नवीन सुरक्षा कैंप में गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर जवानों ने शान से तिरंगा फहराया। यह दृश्य न केवल सुरक्षा बलों के साहस का प्रतीक बना, बल्कि लोकतंत्र की मजबूत वापसी का संदेश भी लेकर आया।
देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के मौके पर जिले के अंदरूनी और लंबे समय से नक्सल प्रभावित इलाकों में पहली बार खुले वातावरण में तिरंगा फहराया गया। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीजापुर के नवीन सुरक्षा कैंपों में सुरक्षा बलों के साथ जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं स्कूली बच्चों ने मिलकर ध्वजारोहण किया और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कंधा मिलाकर तिरंगा फहराया
नवीन रूप से स्थापित सुरक्षा कैंपों में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों के साथ क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा। जिन इलाकों में कभी लाल आतंक का साया था, आज वहीं शांति और सुरक्षा के माहौल में ग्रामीणों ने जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर तिरंगा फहराया।
सुरक्षाबलों की सतत कार्रवाई
सरकारी सूत्रों के अनुसार, 15 अगस्त 2025 के बाद जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 31 नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना की गई है। केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित रणनीति, सुरक्षाबलों की सतत कार्रवाई और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं।इन सुरक्षा कैंपों की स्थापना से न केवल कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, बल्कि विकास कार्यों का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार एवं बैंकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं इन दूरस्थ गांवों तक धीरे-धीरे पहुंच रही हैं।
लोकतंत्र और विकास
जहां कभी राष्ट्रीय पर्व मनाना भी खतरे से खाली नहीं था, आज वहीं ग्रामीण उत्साहपूर्वक तिरंगा फहराने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। गणतंत्र दिवस 2026 का यह आयोजन बीजापुर जिले के लिए शांति, लोकतंत्र और विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *