राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व से लगे बालाघाट जिले के बैहर एवं बिरसा तहसील क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। इस दिशा में कलेक्टर आदित्य सिंह ने 28 नवंबर को मलाजखंड क्षेत्र के ग्राम सारसडोल में कान्हा पार्क से लगे क्षेत्र में संचालित रिसोर्ट संचालकों की बैठक लेकर पर्यटन विकास की संभावनाओं, समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।
वन्य प्राणियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए
बैठक में रिसोर्ट संचालकों ने बिजली की अनियमित आपूर्ति, सड़कों की खराब स्थिति, कचरा प्रबंधन, आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या, डीजे पर प्रतिबंध तथा वन्य प्राणियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने बताया कि कान्हा क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों में 50 प्रतिशत से अधिक पर्यटक रायपुर की ओर से पहुंचते हैं। इसलिए सालेटेकरी एवं मोतीनाला मार्ग की सड़कों को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। साथ ही बिरसा की एयर स्ट्रिप को छोटे विमानों के लिए प्रारंभ करने का सुझाव भी दिया गया।
संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए
कलेक्टर सिंह ने रिसोर्ट संचालकों को आश्वस्त किया कि बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। उन्होंने वन्य प्राणियों को करंट लगाकर शिकार करने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए वन एवं बिजली विभाग के कर्मचारियों को संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कान्हा क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक कचरे का उचित निपटान करने तथा वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं
बैठक में रिसोर्ट संचालकों ने बैहर के सियारपाट मंदिर की पहाड़ी से दिखाई देने वाले सूर्योदय एवं सूर्यास्त के मनोरम दृश्यों को पर्यटन से जोड़ने का सुझाव दिया। पहाड़ी के समीप स्थित तालाब में बोटिंग की सुविधा शुरू करने तथा क्षेत्र में साइक्लिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा कान्हा-पेंच कॉरिडोर में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के सुझाव भी दिए गए। बैठक में पर्यटन क्षेत्र में पानी की उपलब्धता, कानून व्यवस्था, रिसोर्ट से निकलने वाले अपशिष्ट के प्रबंधन तथा वन्य प्राणियों की सुरक्षा जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।