राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो) । बालाघाट में पश्चिम लांजी वन विभाग की टीम ने जंगली सुअर के मांस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पार्टी के मांस को पकाने की तैयारी कर रहे थे। विभाग ने उनके पास से तीन किलो जंगली सुअर का मांस बरामद किया है और वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जंगली सुअर का मांस बरामद
वन विभाग की टीम ने दोपहर करीब 2 बजे ग्राम टेमनी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जितेंद्र पिता दशरथ के घर से लगभग तीन किलो जंगली सुअर का मांस बरामद किया गया। मौके पर मौजूद महेश पिता भालचंद (58 वर्ष) एवं शंकर पिता रूपचंद (50 वर्ष) निवासी चौंदाटोला को भी हिरासत में लिया गया। बरामद मांस को जर्मन के डिब्बे में छिपाकर रखा गया था।
मुखबिर से सूचना मिली थी
एसडीओ राकेश अड़कने ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि वन परिक्षेत्र के कोचेवावही बीट के टेमनी गांव में जंगली सुअर का मांस पकाकर खाने की तैयारी चल रही है। इस सूचना पर रेंजर सपन, डिप्टी रेंजर दिलीप उके, रविंद्र सोनवाने, पवन पटले, वनकर्मी विशाल आसटकर, भारत नेवारे, सीमा घोरमारे, रत्नकला भलावी, मकेन्द्रसिंह तोमर, राहुल और सुरेश की एक टीम मौके पर पहुंची।
मुख्य आरोपी अभी फरार है
टीम ने टेमनी निवासी जितेंद्र पिता दशरथ वाडिवा (20), चौंदाटोला निवासी शंकर पिता रूपचंद्र (50) और महेंद्र पिता भागचंद्र (50) को पकड़ा। ये सभी जंगली सुअर का मांस पकाने की तैयारी में जुटे थे। वन विभाग ने इनके कब्जे से तीन किलो मांस जब्त किया है।एसडीओ राकेश अड़कने ने यह भी बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है। वन विभाग उसकी तलाश कर रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।